क्रेडिट कार्ड लेना आसान है, लेकिन उसे सही तरीके से चलाना हर किसी के लिए आसान नहीं होता। असली परेशानी कार्ड मिलने के बाद शुरू होती है। खरीदारी करते समय हमें लगता है कि अभी बैंक खाते से पैसे नहीं जा रहे हैं, इसलिए खर्च करने में कोई दिक्कत नहीं है। लेकिन कुछ दिनों बाद जब क्रेडिट कार्ड का बिल आता है तो वही खर्च एक बड़ी रकम के रूप में सामने दिखाई देता है।
बहुत से लोग क्रेडिट कार्ड का बिल देखकर परेशान हो जाते हैं। खासकर तब, जब बिल में Total Due Amount और Minimum Due Amount दो अलग-अलग रकम दिखाई देती हैं। कम रकम देखकर कई लोग Minimum Due Amount यानी न्यूनतम देय राशि का भुगतान कर देते हैं और मान लेते हैं कि इस महीने का क्रेडिट कार्ड बिल चुका दिया गया है।
यहीं सबसे बड़ी गलती होती है। और क्रेडिट कार्ड मिनिमम ड्यू अमाउंट क्या होता है और सिर्फ Minimum Due Amount भरने से क्या होता है, यह हर क्रेडिट कार्ड धारक को समझना चाहिए। क्योंकि लगातार केवल न्यूनतम रकम चुकाने से आपका बकाया लंबे समय तक चल सकता है और उस पर ब्याज जुड़ता रहता है।
इस पोस्ट में हम आसान भाषा में जानेंगे कि क्रेडिट कार्ड बिल कैसे बनता है, Minimum Amount Due क्या है, इसे भरने के बाद ब्याज क्यों लगता है और क्रेडिट कार्ड का बिल चुकाने का सही तरीका क्या है।

क्रेडिट कार्ड का बिल पेमेंट क्या है?
क्रेडिट कार्ड में बैंक या कार्ड जारी करने वाली कंपनी आपको एक तय क्रेडिट लिमिट देती है। मान लीजिए आपके क्रेडिट कार्ड की लिमिट ₹1 लाख है। इसका मतलब यह नहीं है कि आपके बैंक खाते में ₹1 लाख आ गए हैं। बल्कि इसका सीधा मतलब यह है कि आप बैंक की तय शर्तों के अनुसार कार्ड से ₹1 लाख तक खर्च कर सकते हैं।
आप क्रेडिट कार्ड से खरीदारी, ऑनलाइन पेमेंट या दूसरी मंजूर सेवाओं के लिए जो रकम खर्च करते हैं, उसका हिसाब क्रेडिट कार्ड स्टेटमेंट में आता है।
क्रेडिट कार्ड बिल में आमतौर पर खरीदारी की रकम, पुराना बकाया, ईएमआई, ब्याज, शुल्क और लागू टैक्स जैसी जानकारी दिखाई जाती है।
क्रेडिट कार्ड के बिल में इन दो तरह की रकम पर खास ध्यान देना चाहिए।
| बिल में दिखाई देने वाली रकम | आसान मतलब |
|---|---|
| Total Amount Due | तय तारीख तक चुकाया जाने वाला पूरा बिल |
| Minimum Amount Due | खाते को तय भुगतान शर्तों के अनुसार बनाए रखने के लिए कम से कम चुकाई जाने वाली रकम |
क्रेडिट कार्ड का पूरा बिल यानी Total Amount Due तय तारीख तक चुकाना सबसे बेहतर तरीका है। केवल Minimum Amount Due चुकाने का मतलब पूरा बिल भरना नहीं होता है।
इसे भी पढ़ें: क्रेडिट कार्ड से ATM से कैश निकालना चाहिए या नहीं? जानें कितना चार्ज लगता है और क्या नुकसान है
क्रेडिट कार्ड का बिल कब बनता है?
हर क्रेडिट कार्ड का एक Billing Cycle यानी बिल बनने की तय अवधि होती है। इसी अवधि में किए गए कार्ड से खर्च को जोड़कर स्टेटमेंट तैयार किया जाता है।
मान लीजिए आपके क्रेडिट कार्ड का बिलिंग साइकिल 8 अक्टूबर से 7 नवंबर तक है। इस दौरान आपने कार्ड से जितनी खरीदारी की, वह 7 नवंबर के बाद बनने वाले बिल में शामिल होगी।
इसके बाद बैंक आपको भुगतान के लिए एक Due Date यानी देय तिथि देता है।
उदाहरण के लिए, अगर बिल 7 नवंबर को बना और भुगतान की अंतिम तारीख 25 नवंबर है तो आपको 25 नवंबर तक बिल का भुगतान करना होगा।
यहां एक बात समझना जरूरी है। हर बैंक और कार्ड की बिलिंग तारीख तथा Due Date अलग हो सकती है। इसलिए किसी दूसरे व्यक्ति के क्रेडिट कार्ड की तारीख देखकर अपने कार्ड का भुगतान तय न करें। अपनी मासिक स्टेटमेंट में दी गई Payment Due Date जरूर देखें।
क्रेडिट कार्ड मिनिमम ड्यू अमाउंट क्या होता है?
Minimum Due Amount यानी न्यूनतम देय रकम वी रकम है जिसे आपको क्रेडिट कार्ड स्टेटमेंट में दी गई ड्यू डेट तक जमा करना होता है।
इसे एक आसान उदाहरण से समझते हैं।
मान लीजिए आपके क्रेडिट कार्ड का Total Amount Due ₹50,000 है और स्टेटमेंट में Minimum Amount Due ₹3,000 दिया गया है।
अब आपके सामने दो रकम हैं।
पूरा बिल – ₹50,000
मिनिमम ड्यू – ₹3,000
अगर आप ₹50,000 का पूरा भुगतान करते हैं तो आप उस बिल का पूरा बकाया चुका देते हैं।
लेकिन अगर आप केवल ₹3,000 जमा करते हैं तो आपने पूरा क्रेडिट कार्ड बिल नहीं चुकाया है। बाकी बकाया रकम आगे बनी रहती है और कार्ड की शर्तों के अनुसार उस पर Finance Charges यानी ब्याज लग सकता है।
अब समस्या यह है कि Minimum Due की रकम छोटी दिखाई देती है। ₹50,000 की जगह ₹3,000 देखकर कई लोगों को लगता है कि अभी इतना भर देते हैं, बाकी बाद में देखेंगे। यही “बाकी बाद में” कई महीनों तक चलता रहता है। और इस पर भारी Charges और पेनल्टी लग जाती है।
Minimum Due Amount कैसे तय होता है?
क्रेडट कार्ड धारको मे एक आम गलतफहमी यह है कि Minimum Due Amount केवल ब्याज और शुल्क की रकम होती है। जबकि ऐसा कहना सही नहीं है।
हर कार्ड जारी करने वाली संस्था की Minimum Due Amount तय करने की अपनी शर्तें हो सकती हैं। आमतौर पर इसमें कुल बकाया रकम का एक हिस्सा, ईएमआई, शुल्क, ब्याज, टैक्स, पिछला न्यूनतम बकाया या क्रेडिट लिमिट से ज्यादा खर्च की गई रकम के हिस्से भी शामिल हो सकते हैं।
Minimum Due Amount भरने के बाद क्या होता है?
मान लीजिए आपका क्रेडिट कार्ड बिल ₹50,000 है और Minimum Due Amount ₹3,000 है। आपने Due Date से पहले ₹3,000 जमा कर दिए।
अब क्या आपका बिल खत्म हो गया? लेकिन वास्तव मे क्रेडिट कार्ड बिल की बाकी बकाया रकम अभी भी चुकानी है। पूरा बकाया नहीं चुकाने पर कार्ड की शर्तों के अनुसार Finance Charges लगते हैं।
सबसे जरूरी बात यह है कि Total Amount Due तय तारीख तक पूरा नहीं चुकाने पर ब्याज मुक्त अवधि का फायदा खत्म हो सकता है। RBI के Credit Card और Debit Card Master Direction से जुड़े FAQ में साफ बताया गया है कि Minimum Due Amount पूरा नहीं चुकाने पर interest-free credit period यानि ब्याज मुक्त समय खत्म हो जाता है और बकाया रकम पर ब्याज लगना शुरू हो सकता है। इसलिए केवल Minimum Due भरने का मतलब ब्याज से बचना नहीं है।
इसे भी पढ़ें: SBI क्रेडिट कार्ड के नियम एवं शर्तें, SBI क्रेडिट कार्ड शुल्क, वार्षिक व रिन्युवल चार्ज
क्या Minimum Due भरने पर Late Payment Fee नहीं लगती?
आमतौर पर अगर आप स्टेटमेंट में दिया गया Minimum Due Amount ड्यू डेट तक चुका देते हैं तो Late Payment Charges से बचा जा सकता हैं। ICICI Bank की क्रेडिट कार्ड शर्तों के अनुसार
बिल का Minimum Due समय पर भरने से Late Payment Charges से बचा जा सकता है, लेकिन Total Outstanding पूरा न चुकाने पर ब्याज लगता है।
यानी दो बातों में अंतर समझें।
Minimum Due समय पर भरना – Late Payment Fee से बचाने में मदद करता है।
Total Amount Due पूरा भरना – क्रेडिट कार्ड के सामान्य खरीदारी वाले बकाया पर ब्याज से बचने के लिए जरूरी है, बशर्ते कार्ड की बाकी शर्तें पूरी हों।
लेकिन बहुत से कार्ड धारक इन दोनों बातों को एक समझ लेते हैं।
इसे भी पढ़ें: क्रेडिट कार्ड के फायदे और नुकसान: क्या आपको Credit Card लेना चाहिए?
क्या केवल न्यूनतम ड्यू भरना महंगा क्यों पड़ सकता है?
क्रेडिट कार्ड का ब्याज सामान्य लोन के मुकाबले काफी ज्यादा होता है। उदाहरण के लिए, SBI Card की मौजूदा शर्तों में Finance Charges कुछ कार्ड व अन्य स्थितियों में 3.75% प्रति माह यानी 45% सालाना तक बताए गए हैं। हालांकि ब्याज दर कार्ड जारी करने वाली संस्था और कार्ड की शर्तों के अनुसार अलग होती है।
अब सोचिए कि आपके कार्ड पर बड़ा बकाया है और आप हर महीने केवल Minimum Due भर रहे हैं। इस तरह पुराना बकाया पूरी तरह खत्म नहीं होता है बल्कि उस पर ब्याज जुड़ता रहता है। अगर आप कार्ड का दोबारा इस्तेमाल करते हैं तो नई खरीदारी भी बकाया रकम मे जुड़ जाती है।
अब यहीं से क्रेडिट कार्ड का कर्ज बढ़ना शुरू होता है। आप हर महीने पैसे जमा कर रहे होते हैं, लेकिन बकाया रकम उम्मीद के अनुसार कम नहीं होती। ऐसे मे कुछ लोगों को लगता है कि बैंक गलत रकम दिखा रहा है, जबकि असल समस्या लगातार केवल Minimum Due भरने और कार्ड का इस्तेमाल जारी रखने की होती है।
एक आसान उदाहरण से समझें
मान लीजिए आपने क्रेडिट कार्ड से ₹60,000 खर्च किए।
बिल आने के बाद आपके पास पूरा भुगतान करने के लिए पैसे नहीं हैं। स्टेटमेंट में Minimum Amount Due ₹3,500 दिख रहा है।
आप ₹3,500 जमा कर देते हैं। अब आपको लगता है कि इस महीने का बिल भर गया। अगले महीने आप कार्ड से ₹10,000 और खर्च कर देते हैं।
लेकिन पिछला बकाया अभी खत्म नहीं हुआ था। उस पर कार्ड की शर्तों के अनुसार Finance Charges जुड़ जाता हैं और नई खरीदारी भी बकाया रकम के साथ जुड़ जाती है।
अब अगला बिल देखकर आप फिर Minimum Due भर देते हैं।
अगर यही सिलसिला कई महीनों तक चलता रहा तो आप हर महीने भुगतान करने के बाद भी क्रेडिट कार्ड के कर्ज में फंसे रह सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: पर्सनल लोन और क्रेडिट कार्ड लोन में कौन बेहतर है? ब्याज, EMI और छिपे चार्ज का पूरा सच
क्या Minimum Due Amount भरना चाहिए?
अगर आपके पास पूरा क्रेडिट कार्ड बिल चुकाने के पैसे हैं तो Total Amount Due पूरा चुकाएं।
सिर्फ इसलिए Minimum Due न भरें क्योंकि वह रकम छोटी दिखाई दे रही है। जबकि Minimum Due का विकल्प तब काम आता है जब किसी महीने अचानक पैसों की परेशानी हो और आप पूरा बिल नहीं चुका पा रहे हों। ऐसी स्थिति में Due Date से पहले कम से कम स्टेटमेंट में दी गई Minimum Amount Due रकम जरूर जमा करें।
लेकिन इसके बाद क्रेडिट कार्ड से नया खर्च कम या बंद करें और बाकी बकाया को जल्द से जल्द चुकाने की योजना बनाएं।
अगर आपका बकाया लगातार बढ़ रहा है तो पहले यह समझें कि हर महीने आपकी कमाई का कितना हिस्सा कर्ज और ईएमआई में जा रहा है। इसके लिए Fincoloan का Debt-to-Income (DTI) Ratio Calculator यानी डेट-टू-इनकम रेशियो कैलकुलेटर इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे आपको अपनी कमाई के मुकाबले कर्ज के भुगतान का बोझ समझने में मदद मिलेगी।
न्यूनतम ड्यू भरने की आदत से कैसे बचें?
न्यूनतम ड्यू भरने की आदत अक्सर तब शुरू होती है, जब क्रेडिट कार्ड से खर्च करते समय बिल चुकाने के बारे में नहीं सोचा जाता। बिल आने पर पूरी रकम ज्यादा लगती है और Minimum Amount Due की छोटी रकम देखकर उसे भरना आसान लगता है। एक-दो बार ऐसा करने के बाद हर महीने न्यूनतम ड्यू भरने की आदत बन जाती है और बकाया रकम पर ब्याज जुड़ता रहता है।
इस आदत से बचने के लिए क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल सोच-समझकर करना जरूरी है। आप इन बातों का ध्यान रख सकते हैं:
- उतना ही खर्च करें जितना चुका सकते हैं: क्रेडिट कार्ड से खरीदारी करने से पहले सोचें कि बिल आने पर पूरी रकम कहां से चुकाएंगे।
- क्रेडिट लिमिट को अपनी कमाई न समझें: अगर आपकी मासिक कमाई ₹40,000 है और कार्ड की लिमिट ₹80,000 है तो इसका मतलब यह नहीं है कि आपके पास खर्च करने के लिए ₹80,000 अतिरिक्त हैं।
- क्रेडिट कार्ड को भुगतान का साधन मानें: कार्ड अतिरिक्त कमाई का जरिया नहीं है। इसका इस्तेमाल केवल पेमेंट की सुविधा के लिए करें।
- Auto Pay में Total Amount Due चुनें: अगर आप ऑटो पेमेंट की सुविधा इस्तेमाल करते हैं तो संभव हो तो Total Amount Due का विकल्प चुनें। Minimum Amount Due चुनने पर बाकी बकाया पर ब्याज जुड़ सकता है।
- हर महीने क्रेडिट कार्ड स्टेटमेंट देखें: केवल SMS में दिखाई देने वाली रकम देखकर भुगतान न करें। स्टेटमेंट में Total Amount Due, Minimum Amount Due और Due Date जरूर देखें।
- बिल ज्यादा होने पर नया खर्च रोकें: अगर किसी महीने पूरा बिल चुकाना मुश्किल हो रहा है तो कार्ड से नया खर्च कम या बंद करें और पहले पुराने बकाया को खत्म करने पर ध्यान दें।
इन छोटी बातों का ध्यान रखकर आप हर महीने केवल न्यूनतम ड्यू भरने की आदत से बच सकते हैं और क्रेडिट कार्ड के बढ़ते ब्याज से खुद को बचा सकते हैं।
अगर पूरा बिल नहीं चुका पा रहे हैं तो क्या करें?
अगर क्रेडिट कार्ड का बकाया इतना बढ़ गया है कि पूरा बिल चुकाना मुश्किल है तो समस्या को टालना सही तरीका नहीं है। ऐसे मे सबसे पहले कार्ड से नया खर्च करना बंद करें। इसके बाद अपने कुल बकाया, ब्याज और हर महीने चुकाई जा सकने वाली रकम का हिसाब लगाएं।
कार्ड जारी करने वाली संस्था से संपर्क करके उपलब्ध EMI Conversion या दूसरी भुगतान सुविधा के बारे मे जानकारी लें। किसी भी विकल्प को चुनने से पहले ब्याज दर, प्रोसेसिंग फीस और कुल भुगतान जरूर देखें।
एक कर्ज चुकाने के लिए बिना हिसाब लगाए दूसरा महंगा लोन लेने का विचार ना बनाए बल्कि पहले कुल लागत को समझें।
आप पैसों को सही तरीके से संभालने, बचत शुरू करने और निवेश की समझ बनाने के लिए मेरी ईबुक “फाइनेंशियल फ्रीडम कैसे पाएं – नौकरी से निवेश तक का सफर” भी पढ़ सकते हैं। इसमें नौकरी से लेकर पैसे की योजना और निवेश तक के सफर को आसान भाषा में समझाया गया है।
क्रेडिट कार्ड बिल चुकाने का सही तरीका क्या है?
- क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने का सबसे आसान नियम है—जितना खर्च करें, उतना पूरा बिल चुकाने की तैयारी रखें।
- बिल बनने के बाद Total Amount Due देखें और Due Date से पहले पूरा भुगतान करें। भुगतान आखिरी दिन तक टालने की आदत न बनाएं।
- अगर किसी महीने पूरा बिल चुकाना संभव नहीं है तो Minimum Due भरकर यह न मानें कि समस्या खत्म हो गई। बाकी बकाया चुकाने को अपनी पहली प्राथमिकता बनाएं।
- क्रेडिट कार्ड सही तरीके से इस्तेमाल किया जाए तो भुगतान की सुविधा देता है। लेकिन लगातार Minimum Due भरना इसे महंगे कर्ज में बदल सकता है।
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
क्रेडिट कार्ड Minimum Due Amount क्या होता है?
Minimum Due Amount वह न्यूनतम रकम है जो क्रेडिट कार्ड स्टेटमेंट में दी जाती है और इसे Due Date तक जमा करना होता है। इसकी गणना कार्ड जारी करने वाली संस्था की शर्तों के अनुसार होती है।
क्या Minimum Due भरने से पूरा क्रेडिट कार्ड बिल चुक जाता है?
नहीं। Minimum Due भरना पूरा बिल चुकाना नहीं है। बाकी बकाया रकम कार्ड खाते में बनी रहती है।
क्या Minimum Due भरने के बाद ब्याज लगता है?
हां। Total Amount Due पूरा न चुकाने पर कार्ड की शर्तों के अनुसार बकाया रकम पर Finance Charges लग सकते हैं।
क्या Minimum Due भरने से Late Payment Fee बच सकती है?
आमतौर पर Due Date तक पूरा Minimum Amount Due जमा करने पर Late Payment Charges से बचा जा सकता है। अपने कार्ड की शर्तें जरूर देखें।
Minimum Due कितना होता है?
इसकी रकम बैंक और कार्ड की गणना के अनुसार अलग होती है। यह कुल बकाया के हिस्से के साथ ईएमआई, शुल्क, ब्याज, टैक्स या पिछली बकाया रकम के आधार पर तय हो सकती है।
क्या हर महीने Minimum Due भरना सही है?
नहीं। लगातार केवल Minimum Due भरने से बकाया लंबे समय तक चलता है और ब्याज का खर्च बढ़ सकता है।
क्रेडिट कार्ड का पूरा बिल कब भरना चाहिए?
स्टेटमेंट में दी गई Payment Due Date तक Total Amount Due का पूरा भुगतान करना चाहिए।
निष्कर्ष (Conclusion)
क्रेडिट कार्ड के बिल में दिखाई देने वाला Minimum Amount Due राहत जैसा जरूर दिखाई देता है, लेकिन इसे पूरा बिल समझना बड़ी गलती है। यह केवल वह न्यूनतम रकम है जिसे तय तारीख तक जमा करना होता है। बाकी बकाया खत्म नहीं होता।
अगर आप क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करते हैं तो हर महीने Total Amount Due और Minimum Amount Due के बीच का अंतर जरूर समझें। जहां तक संभव हो, पूरा बिल तय तारीख तक चुकाएं। Minimum Due को नियमित भुगतान का तरीका न बनाएं।
एक-दो महीने की पैसों की परेशानी में यह विकल्प काम आ सकता है, लेकिन लंबे समय तक केवल Minimum Due भरते रहने से क्रेडिट कार्ड का बकाया बहुत महंगा पड़ता है।
अस्वीकरण: इस पोस्ट में दी गई जानकारी सामान्य जानकारी के लिए है। क्रेडिट कार्ड की ब्याज दर, Minimum Amount Due की गणना, शुल्क और भुगतान की शर्तें बैंक, कार्ड जारी करने वाली संस्था और कार्ड के प्रकार के अनुसार अलग हो सकती हैं। पोस्ट तैयार करते समय RBI और प्रमुख कार्ड जारी करने वाली संस्थाओं की उपलब्ध जानकारी को ध्यान में रखा गया है। भुगतान से पहले अपने क्रेडिट कार्ड स्टेटमेंट और कार्ड की शर्तें जरूर देखें।
इसे भी पढ़ें: किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) लोन: किसानों को कितना लोन मिलता है, ब्याज दर, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया पूरी जानकारी
