You are currently viewing लोन सेटलमेंट क्या है? फायदे, नुकसान, CIBIL स्कोर पर असर और नया लोन मिलने की पूरी जानकारी

लोन सेटलमेंट क्या है? फायदे, नुकसान, CIBIL स्कोर पर असर और नया लोन मिलने की पूरी जानकारी

लोन सेटलमेंट: आज के समय में बहुत से लोग पर्सनल लोन, होम लोन, बिजनेस लोन या क्रेडिट कार्ड का उपयोग करते हैं। लेकिन कभी-कभी नौकरी छूटने, बिजनेस में नुकसान, मेडिकल इमरजेंसी या अन्य आर्थिक समस्याओं के कारण लोन की EMI समय पर चुकाना मुश्किल हो जाता है। ऐसी स्थिति में बैंक या NBFC उधारकर्ता को लोन सेटलमेंट का विकल्प दे सकती हैं।

हालांकि लोन सेटलमेंट सुनने में राहत देने वाला विकल्प लग सकता है, लेकिन इसके कुछ गंभीर परिणाम भी हो सकते हैं। कई लोग बिना पूरी जानकारी के लोन सेटलमेंट कर लेते हैं और बाद में CIBIL स्कोर खराब होने, नया लोन न मिलने या क्रेडिट कार्ड रिजेक्ट होने जैसी समस्याओं का सामना करते हैं।

ऐसे में यह समझना बेहद जरूरी है कि लोन सेटलमेंट क्या होता है, यह किन परिस्थितियों में किया जाता है, इसके फायदे और नुकसान क्या हैं, और इसका आपके भविष्य के वित्तीय जीवन पर क्या प्रभाव पड़ सकता है।

इस पोस्ट में आप विस्तार से जानेंगे कि लोन सेटलमेंट कैसे करवाया जाता है, इसका CIBIL स्कोर पर क्या असर पड़ता है, सेटलमेंट के बाद नया लोन मिलने की कितनी संभावना होती है, CIBIL स्कोर को दोबारा कैसे सुधारा जा सकता है और क्या क्रेडिट रिपोर्ट से सेटलमेंट स्टेटस हटाया जा सकता है।

लोन सेटलमेंट क्या है?

लोन सेटलमेंट एक ऐसी प्रक्रिया है जिसमें बैंक या वित्तीय संस्था बकाया लोन राशि का कुछ हिस्सा लेकर बाकी राशि को माफ कर देती है।
उदाहरण के लिए यदि आपके ऊपर ₹5 लाख का बकाया लोन है और आप उसे चुकाने में अस्मर्थ हैं, तो बैंक बातचीत के बाद ₹3 लाख या ₹3.5 लाख लेकर खाते को बंद कर सकती है। इसे ही लोन सेटलमेंट कहा जाता है।

हालांकि यह लोन को पूरी तरह चुकाना नहीं माना जाता बल्कि बैंक इसे “Settled” स्टेटस के रूप में आपके सिबिल मे रिपोर्ट करती है।

लोन सेटलमेंट कैसे करवाएं?

जब किसी व्यक्ति की आर्थिक स्थिति इतनी कमजोर हो जाए कि वह लगातार लोन की EMI चुकाने में असमर्थ हो और आय के अन्य स्रोत भी उपलब्ध न हों, तब लोन सेटलमेंट एक विकल्प के रूप में सामने आता है। हालांकि लोन सेटलमेंट को हमेशा अंतिम विकल्प के रूप में ही देखा जाना चाहिए, क्योंकि इसका प्रभाव आपके CIBIL स्कोर और भविष्य की लोन पात्रता पर पड़ सकता है। यदि आपने सभी संभावित विकल्पों पर विचार करने के बाद लोन सेटलमेंट का निर्णय लिया है, तो नीचे बताई गई प्रक्रिया अपनाई जा सकती है:

1. बैंक से संपर्क करें

सबसे पहले अपने बैंक या लोन कंपनी को अपनी वित्तीय स्थिति के बारे में बताएं। यदि आपकी नौकरी चली गई है, आय कम हो गई है या किसी अन्य कारण से आप EMI नहीं भर पा रहे हैं, तो बैंक को इसकी जानकारी देना जरूरी है। समय रहते संपर्क करने से बैंक आपके लिए उचित समाधान सुझा सकती है।

2. वित्तीय दस्तावेज जमा करें

बैंक आपसे आय में कमी, नौकरी छूटने या अन्य आर्थिक कठिनाइयों के प्रमाण मांग सकती है। इसके लिए आपको सैलरी स्लिप, बैंक स्टेटमेंट, नौकरी समाप्ति पत्र या अन्य संबंधित दस्तावेज जमा करने पड़ सकते हैं। ये दस्तावेज बैंक को आपकी वास्तविक स्थिति समझने में मदद करते हैं।

3. सेटलमेंट ऑफर प्राप्त करें

बैंक आपके मामले की समीक्षा करके एक सेटलमेंट राशि प्रस्तावित कर सकती है। यह राशि आमतौर पर कुल बकाया लोन से कम होती है। बैंक आपकी भुगतान क्षमता, बकाया राशि और लोन की स्थिति को देखकर अंतिम ऑफर तय करती है।

4. लिखित समझौता लें

किसी भी भुगतान से पहले बैंक से लिखित सेटलमेंट लेटर अवश्य प्राप्त करें। इस पत्र में सेटलमेंट राशि, भुगतान की अंतिम तिथि और अन्य सभी शर्तें स्पष्ट रूप से लिखी होनी चाहिए। केवल मौखिक आश्वासन पर भरोसा नहीं करना चाहिए।

5. भुगतान करें और प्रमाण पत्र लें

सेटलमेंट राशि जमा करने के बाद No Dues Certificate या Settlement Letter प्राप्त करें। यह दस्तावेज भविष्य में किसी भी विवाद की स्थिति में आपके लिए महत्वपूर्ण प्रमाण के रूप में काम करेगा। साथ ही यह सुनिश्चित करें कि बैंक ने आपके लोन खाते को सेटल्ड के रूप में अपडेट कर दिया है।
इसे भी पढ़ें: अपने लोन की EMI प्लान कैसे करें? जानिए आसान और स्मार्ट तरीके

लोन सेटलमेंट परसेंटेज कितना है?

लोन सेटलमेंट का कोई तय प्रतिशत नहीं होता क्योंकि हर ग्राहक की वित्तीय स्थिति और लोन की परिस्थितियां अलग-अलग होती हैं। बैंक या वित्तीय संस्था कई पहलुओं का मूल्यांकन करने के बाद यह तय करती है कि बकाया राशि में कितना समझौता किया जा सकता है।
आमतौर पर बैंक निम्न कारकों के आधार पर सेटलमेंट राशि तय करती है:

  • बकाया लोन राशि
  • कितनी EMI बकाया हैं
  • ग्राहक की आर्थिक स्थिति कैसी है
  • लोन कितने समय से NPA है
  • रिकवरी की संभावना है या नहीं

सामान्यतः कई मामलों में 30% से 80% तक की बकाया राशि पर समझौता हो सकता है। हालांकि हर मामला अलग होता है और अंतिम निर्णय बैंक का होता है।
इसे भी पढ़ें: लोन चुकाने का सबसे आसान तरीका क्या है? जल्दी कर्ज मुक्त होने के 8 असरदार तरीके

लोन सेटलमेंट के क्या नुकसान हैं?

दोस्तों बहुत से ऊधारकर्ता सोचते हैं कि लोन सेटलमेंट कर लेने से समस्या खत्म हो जाती है, लेकिन इसके कुछ गंभीर नुकसान भी हैं। इसलिए सेटलमेंट का फैसला लेने से पहले इन सभी बातों को अच्छी तरह समझ लेना चाहिए।

1. CIBIL स्कोर पर नकारात्मक प्रभाव

लोन सेटलमेंट का सबसे बड़ा नुकसान आपके CIBIL स्कोर पर पड़ता है। जब बैंक आपके खाते को “Settled” के रूप में रिपोर्ट करती है, तो यह संकेत देता है कि आपने पूरा लोन नहीं चुकाया है। इससे आपका क्रेडिट स्कोर कम हो सकता है और भविष्य में वित्तीय उत्पाद प्राप्त करना कठिन हो सकता है।

2. भविष्य में लोन मिलने में कठिनाई

सेटलमेंट के बाद बैंक और वित्तीय संस्थाएं आपको अधिक जोखिम वाले ग्राहक के रूप में देख सकती हैं। इसी कारण होम लोन, पर्सनल लोन या बिजनेस लोन के लिए आवेदन करने पर स्वीकृति मिलने की संभावना कम हो सकती है।

3. ब्याज दर अधिक हो सकती है

यदि किसी बैंक या NBFC द्वारा आपको भविष्य में लोन स्वीकृत भी कर दिया जाता है, तो संभव है कि आपको सामान्य ग्राहकों की तुलना में अधिक ब्याज दर पर लोन दिया जाए। ऐसा इसलिए क्योंकि आपकी पिछली क्रेडिट हिस्ट्री बैंक के लिए चिंता का विषय हो सकती है।

4. क्रेडिट कार्ड मिलने में समस्या

कई बैंक और कार्ड जारी करने वाली कंपनियां सेटलमेंट रिकॉर्ड वाले ग्राहकों को नया क्रेडिट कार्ड देने से बचती हैं। यदि कार्ड मिलता भी है, तो उसकी क्रेडिट लिमिट कम हो सकती है या अतिरिक्त शर्तें लागू की जा सकती हैं।

5. वित्तीय विश्वसनीयता प्रभावित होती है

लोन सेटलमेंट आपकी वित्तीय विश्वसनीयता को प्रभावित कर सकता है। आपकी क्रेडिट रिपोर्ट देखने पर यह स्पष्ट होता है कि आपने लोन का पूरा भुगतान नहीं किया था। इससे भविष्य में बैंक, NBFC और अन्य वित्तीय संस्थाओं का भरोसा कम हो सकता है।
इसे भी पढ़ें: बाइक लोन न चुका पाने पर क्या होगा? जानिए बैंक क्या कार्रवाई कर सकता है

सेटलमेंट के बाद सिबिल स्कोर बढ़ाने में कितना समय लगता है?

लोन सेटलमेंट के बाद सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि खराब हुए CIBIL स्कोर को दोबारा बेहतर बनने में कितना समय लगेगा। इसका कोई निश्चित समय नहीं होता क्योंकि हर व्यक्ति की वित्तीय स्थिति और क्रेडिट हिस्ट्री अलग होती है। यदि आप सेटलमेंट के बाद जिम्मेदारी से अपने सभी वित्तीय दायित्वों का पालन करते हैं, तो धीरे-धीरे आपका क्रेडिट स्कोर सुधरना शुरू हो सकता है। यह आपके क्रेडिट व्यवहार पर निर्भर करता है।
सामान्यतः

  • 6 से 12 महीने में शुरुआती सुधार दिख सकता है।
  • 1 से 3 वर्षों में अच्छा सुधार संभव है।
  • कुछ मामलों में पूरी तरह मजबूत प्रोफाइल बनने में अधिक समय लग सकता है।
  • यदि आप लगातार समय पर भुगतान करते हैं तो स्कोर अपेक्षाकृत तेजी से सुधर सकता है।

इसे भी पढ़ें: सिबिल स्कोर बढ़ाने के चक्कर में इन गलतियों से दूर रहना बेहद जरूरी

लोन सेटलमेंट के बाद सिबिल स्कोर कैसे सुधारें?

यदि आपने लोन सेटलमेंट कर लिया है तो घबराने की जरूरत नहीं है। सही वित्तीय आदतें अपनाकर और अनुशासित तरीके से क्रेडिट का उपयोग करके आप धीरे-धीरे अपने CIBIL स्कोर को बेहतर बना सकते हैं। नीचे दिए गए उपाय इसमें आपकी मदद कर सकते हैं।

1. समय पर सभी EMI भरें

लोन सेटलमेंट के बाद सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि भविष्य में किसी भी लोन या क्रेडिट कार्ड की EMI या बिल भुगतान में देरी न करें। समय पर भुगतान करने से आपकी क्रेडिट हिस्ट्री मजबूत होती है और बैंक को यह संकेत मिलता है कि अब आप जिम्मेदारी से अपने वित्त का प्रबंधन कर रहे हैं।

2. सुरक्षित क्रेडिट कार्ड लें

यदि आपका CIBIL स्कोर काफी कम हो गया है और सामान्य क्रेडिट कार्ड मिलना मुश्किल है, तो आप Secured Credit Card ले सकते हैं। यह कार्ड आमतौर पर फिक्स्ड डिपॉजिट के आधार पर जारी किया जाता है। इसका नियमित और जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग आपके क्रेडिट स्कोर को सुधारने में मदद कर सकता है।

3. क्रेडिट कार्ड का उपयोग कम रखें

क्रेडिट कार्ड की पूरी लिमिट का उपयोग करने से बचें। विशेषज्ञों के अनुसार, क्रेडिट कार्ड लिमिट का 30% से कम उपयोग करना बेहतर माना जाता है। इससे यह दर्शाता है कि आप क्रेडिट पर अत्यधिक निर्भर नहीं हैं और अपने खर्चों को नियंत्रित रखते हैं।

4. बार-बार लोन आवेदन न करें

कम समय में कई बैंकों या वित्तीय संस्थानों में लोन के लिए आवेदन करने से आपके क्रेडिट स्कोर पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। हर आवेदन के साथ क्रेडिट जांच होती है, जिससे स्कोर प्रभावित हो सकता है। इसलिए केवल जरूरत होने पर ही लोन या क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन करें।

5. नियमित रूप से CIBIL रिपोर्ट जांचें

अपनी CIBIL रिपोर्ट समय-समय पर जांचते रहें ताकि किसी भी प्रकार की गलती या गलत जानकारी का पता चल सके। यदि रिपोर्ट में कोई त्रुटि दिखाई दे, तो तुरंत संबंधित बैंक या क्रेडिट ब्यूरो से संपर्क करके उसे ठीक करवाएं। सही और अपडेटेड रिपोर्ट आपके स्कोर सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
इसे भी पढ़ें: Delinquency और Default में क्या अंतर है? जानिए आपके Credit Score पर इसका असर होगा

क्या मुझे सेटलमेंट के बाद नया लोन मिल सकता है?

लोन सेटलमेंट के बाद सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि भविष्य में दोबारा लोन मिलेगा या नहीं। कई लोगों को लगता है कि सेटलमेंट के बाद कभी भी लोन नहीं मिल सकता, लेकिन ऐसा पूरी तरह सही नहीं है। हालांकि सेटलमेंट का असर आपकी क्रेडिट प्रोफाइल पर पड़ता है, फिर भी कुछ परिस्थितियों में बैंक और NBFC आपको नया लोन दे सकती हैं।
उत्तर है – हाँ, सेटलमेंट के बाद नया लोन मिल सकता है, लेकिन यह निम्न बातों पर निर्भर करेगा:

  • आपका वर्तमान CIBIL स्कोर
  • आय और रोजगार की स्थिति
  • सेटलमेंट के बाद का क्रेडिट रिकॉर्ड
  • बैंक की आंतरिक नीति
  • सेटलमेंट को कितना समय बीत चुका है

यदि आपने सेटलमेंट के बाद अपने CIBIL स्कोर में सुधार किया है, समय पर सभी भुगतान किए हैं और आपकी आय स्थिर है, तो लोन मिलने की संभावना बढ़ जाती है। हालांकि सामान्य ग्राहकों की तुलना में लोन स्वीकृति थोड़ी कठिन हो सकती है और कुछ मामलों में ब्याज दर भी अधिक हो सकती है।
कई NBFC और कुछ बैंक ऐसे ग्राहकों को भी लोन देती हैं जिनकी पुरानी क्रेडिट हिस्ट्री में सेटलमेंट दर्ज हो।

इसे भी पढ़ें: कम सिबिल स्कोर पर लोन कैसे लें? जानिए आसान और सुरक्षित तरीके

क्या सिबिल से सेटलमेंट स्टेटस हटाया जा सकता है?

यह सवाल उन लोगों के मन में अक्सर आता है जिन्होंने किसी कारणवश लोन सेटलमेंट कराया होता है। कई लोग जानना चाहते हैं कि क्या क्रेडिट रिपोर्ट से “Settled” स्टेटस को पूरी तरह हटाया जा सकता है ताकि भविष्य में लोन लेने में कोई परेशानी न हो। इसका उत्तर आपकी स्थिति और बैंक द्वारा रिपोर्ट की गई जानकारी पर निर्भर करता है।
सामान्य परिस्थितियों में सेटलमेंट स्टेटस को हटाया नहीं जा सकता क्योंकि यह वास्तविक क्रेडिट इतिहास का हिस्सा होता है।
हालांकि यदि:

  • रिपोर्ट में गलती से“Settled” जुड़ा हो,
  • बैंक ने गलत जानकारी भेजी हो,
  • या आपने बाद में पूरा बकाया चुका दिया हो,
  • तो आप बैंक और CIBIL से रिकॉर्ड अपडेट कराने का अनुरोध कर सकते हैं।
  • कुछ मामलों में बैंक बकाया राशि पूरी जमा होने के बाद खाते की स्थिति को अपडेट कर सकती है।

इसे भी पढ़ें: लोन लेने से पहले ऐसे जानें कि आप EMI समय पर चुका पाएंगे या नहीं

लोन क्लोजर और लोन सेटलमेंट में क्या अंतर है?

बहुत से लोग लोन क्लोजर और लोन सेटलमेंट को एक ही समझ लेते हैं, जबकि दोनों में बड़ा अंतर होता है। लोन क्लोजर का मतलब है कि आपने अपने लोन की पूरी बकाया राशि, ब्याज और अन्य शुल्कों का भुगतान कर दिया है। इसके बाद बैंक आपके खाते को “Closed” के रूप में रिपोर्ट करती है, जो आपकी क्रेडिट प्रोफाइल के लिए सकारात्मक माना जाता है।

वहीं, लोन सेटलमेंट तब होता है जब ग्राहक आर्थिक कठिनाइयों के कारण पूरा लोन चुकाने में सक्षम नहीं होता और बैंक बकाया राशि का कुछ हिस्सा स्वीकार करके बाकी राशि माफ कर देती है। ऐसे मामलों में क्रेडिट रिपोर्ट में “Settled” स्टेटस दर्ज होता है, जो भविष्य में लोन या क्रेडिट कार्ड प्राप्त करने में बाधा बन सकता है।

आधारलोन क्लोजरलोन सेटलमेंट
भुगतानपूरा भुगतानआंशिक भुगतान
CIBIL प्रभावसकारात्मकनकारात्मक
भविष्य में लोनआसानी सेकठिनाई हो सकती है
क्रेडिट रिपोर्टClosedSettled

इसके अलावा, लोन क्लोजर आपकी वित्तीय अनुशासन और भुगतान क्षमता को दर्शाता है, जबकि लोन सेटलमेंट यह संकेत देता है कि आप किसी समय अपने वित्तीय दायित्वों को पूरी तरह पूरा नहीं कर पाए। यही कारण है कि अधिकांश बैंक और वित्तीय संस्थान लोन क्लोजर को अधिक महत्व देती हैं।

इसलिए जहां तक संभव हो, लोन को पूरी तरह क्लोज करने का प्रयास करें। यदि आर्थिक स्थिति बहुत खराब हो और कोई अन्य विकल्प उपलब्ध न हो, तभी लोन सेटलमेंट पर विचार करें।
इसे भी पढ़ें: कम सिबिल स्कोर के नुकसान: जानिए अच्छा सिबिल स्कोर क्यों जरूरी होता हैं?

लोन सेटलमेंट कब करवाना चाहिए?

लोन सेटलमेंट एक महत्वपूर्ण वित्तीय निर्णय है, इसलिए इसे जल्दबाजी में नहीं करना चाहिए। सबसे पहले लोन री-स्ट्रक्चरिंग, EMI में राहत, मोरेटोरियम या अन्य विकल्पों पर विचार करना बेहतर होता है। जब सभी विकल्प समाप्त हो जाएं और लोन चुकाना वास्तव में संभव न हो, तभी लोन सेटलमेंट के बारे में सोचना चाहिए।
इसे निम्न परिस्थितियों में विचार किया जा सकता है:

  • आय का स्रोत बंद हो गया हो।
    यदि नौकरी चली गई हो, बिजनेस बंद हो गया हो या नियमित आय पूरी तरह रुक गई हो, तो लोन की किस्तें चुकाना मुश्किल हो सकता है। ऐसी स्थिति में बैंक से सेटलमेंट पर चर्चा की जा सकती है।
  • लंबे समय तक EMI भरना संभव न हो।
    यदि कई महीनों से EMI का भुगतान नहीं हो पा रहा है और निकट भविष्य में भी भुगतान की संभावना नहीं दिख रही है, तो सेटलमेंट एक विकल्प बन सकता है।
  • पुनर्गठन (Restructuring) संभव न हो।
    कई बार बैंक लोन री-स्ट्रक्चरिंग या EMI में बदलाव की सुविधा देती हैं। यदि ये विकल्प उपलब्ध न हों या उनसे भी समस्या का समाधान न हो, तब सेटलमेंट पर विचार किया जा सकता है।
  • वित्तीय संकट बहुत गंभीर हो।
    गंभीर बीमारी, पारिवारिक आपातकाल, भारी आर्थिक नुकसान या अन्य कठिन परिस्थितियों में जब कर्ज चुकाना असंभव हो जाए, तब लोन सेटलमेंट अंतिम उपाय के रूप में अपनाया जा सकता है।

निष्कर्ष (Conclusion):
लोन सेटलमेंट आर्थिक संकट से बाहर निकलने का एक रास्ता हो सकता है, लेकिन इसके दीर्घकालिक प्रभावों को समझना बेहद जरूरी है। सेटलमेंट करने से आपका तत्काल बोझ कम हो सकता है, लेकिन CIBIL स्कोर और भविष्य की लोन पात्रता प्रभावित हो सकती है।
इसलिए हमेशा पहले EMI पुनर्गठन, मोरेटोरियम या अन्य विकल्पों पर विचार करें। यदि कोई अन्य विकल्प न हो तभी लोन सेटलमेंट का निर्णय लें। और यदि सेटलमेंट हो चुका है तो समय पर भुगतान और जिम्मेदार क्रेडिट उपयोग के माध्यम से अपने CIBIL स्कोर को धीरे-धीरे सुधारने का प्रयास करें।

लोन सेटलमेंट से संबंधित FAQs

Q1. लोन सेटलमेंट और लोन क्लोजर में क्या अंतर है?

लोन क्लोजर में उधारकर्ता पूरी बकाया राशि, ब्याज और शुल्क का भुगतान करके लोन समाप्त करता है। वहीं लोन सेटलमेंट में बैंक आर्थिक कठिनाई को देखते हुए आंशिक भुगतान स्वीकार कर खाते को बंद करती है।

Q2. क्या लोन सेटलमेंट से CIBIL स्कोर खराब होता है?

हाँ, लोन सेटलमेंट का CIBIL स्कोर पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। क्रेडिट रिपोर्ट में “Settled” स्टेटस दर्ज होने से भविष्य में बैंक आपको अधिक जोखिम वाला ग्राहक मान सकती हैं।

Q3. सेटलमेंट के बाद CIBIL स्कोर कितने समय में सुधरता है?

यदि आप सभी नए लोन और क्रेडिट कार्ड का भुगतान समय पर करते हैं, तो 6 से 12 महीनों में सुधार दिख सकता है। बेहतर स्कोर बनाने में 1 से 3 वर्ष तक लग सकते हैं।

Q4. क्या सेटलमेंट के बाद होम लोन मिल सकता है?

हाँ, सेटलमेंट के बाद भी होम लोन मिल सकता है, लेकिन बैंक आपकी आय, रोजगार, वर्तमान CIBIL स्कोर और हालिया क्रेडिट व्यवहार की जांच करने के बाद ही निर्णय लेती है।

Q5. क्या बैंक खुद सेटलमेंट का ऑफर देती हैं?

हाँ, यदि ग्राहक लंबे समय से EMI नहीं चुका पा रहा हो और वित्तीय स्थिति कमजोर हो, तो बैंक या रिकवरी एजेंसी बकाया राशि के निपटान के लिए सेटलमेंट का प्रस्ताव दे सकती है।

Q6. क्या सेटलमेंट के बाद क्रेडिट कार्ड मिल सकता है?

हाँ, क्रेडिट कार्ड मिल सकता है, लेकिन स्वीकृति आसान नहीं होती। बैंक आपकी वर्तमान वित्तीय स्थिति, CIBIL स्कोर और क्रेडिट इतिहास को देखकर आवेदन पर निर्णय लेती हैं।

Q7. क्या पूरा बकाया चुकाने के बाद सेटलमेंट रिकॉर्ड सुधारा जा सकता है?

कुछ मामलों में यदि ग्राहक बाद में पूरा बकाया चुका देता है, तो बैंक रिकॉर्ड अपडेट कर सकती है। हालांकि यह पूरी तरह बैंक की नीति और संबंधित परिस्थितियों पर निर्भर करता है।

अस्वीकरण (Disclaimer):
यह लेख केवल सामान्य जानकारी और शैक्षणिक उद्देश्य के लिए प्रकाशित किया गया है। लोन सेटलमेंट, CIBIL स्कोर और बैंकिंग नियम विभिन्न बैंकों एवं व्यक्तिगत परिस्थितियों के अनुसार अलग-अलग हो सकते हैं। किसी भी वित्तीय निर्णय से पहले संबंधित बैंक, वित्तीय सलाहकार या अधिकृत विशेषज्ञ से परामर्श अवश्य करें। Fincoloan किसी भी वित्तीय निर्णय से होने वाले लाभ या हानि के लिए जिम्मेदार नहीं होगा।

प्रवीन कुमार

प्रवीन कुमार एक फाइनेंस ब्लॉगर और कंटेंट राइटर हैं, जो पिछले 5 वर्षों से लोन, बैंकिंग, ईएमआई, क्रेडिट स्कोर, SIP, म्यूचुअल फंड, निवेश और वित्तीय जागरूकता जैसे विषयों पर लेख लिख रहे हैं। वे Fincoloan.com और Paisawale.in ब्लॉग के संस्थापक हैं। इन्होंने B.Ed तथा M.Sc. की शिक्षा प्राप्त की है और ‘फाइनेंशियल फ्रीडम कैसे पाएं: नौकरी से निवेश तक का सफर’ नामक हिंदी ई-बुक भी लिखी है।