आधार कार्ड से लोन कैसे लें पात्रता दस्तावेज और आवेदन की पूरी जानकारी

आधार कार्ड से लोन कैसे लें? पात्रता, दस्तावेज और आवेदन की पूरी जानकारी

Aadhar Card Loan Apply: पैसों की जरूरत हमेशा पहले से बताकर नहीं आती। कभी अचानक अस्पताल का खर्च सामने आ जाता है, कभी घर में शादी के लिए अतिरिक्त रकम चाहिए होती है तो कभी छोटे कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए पैसों की कमी महसूस होने लगती है। ऐसे समय में बहुत से लोग इंटरनेट पर Aadhar Card Se Loan Kaise Le, आधार कार्ड से लोन कैसे मिलेगा या आधार कार्ड पर तुरंत लोन देने वाला ऐप खोजने लगते हैं।

पहले लोन के लिए बैंक की शाखा में जाना, कई दस्तावेज जमा करना और आवेदन की स्थिति जानने के लिए बार-बार बैंक से संपर्क करना सामान्य बात थी। अब काफी हद तक प्रक्रिया ऑनलाइन हो चुकी है। आधार के माध्यम से पहचान सत्यापन और डिजिटल केवाईसी आसान होने के कारण कई बैंक और वित्तीय संस्थान घर बैठे लोन आवेदन की सुविधा देते हैं।

लेकिन यहां एक बात शुरू में ही समझना बहुत जरूरी है। सिर्फ आधार कार्ड दिखाने से लोन नहीं मिलता है। आधार कार्ड मुख्य रूप से आपकी पहचान और पते के सत्यापन में काम आता है। लोन देने वाला बैंक या वित्तीय संस्था आपकी आय, नौकरी या कारोबार, बैंक खाते के लेनदेन, पुराने लोन का भुगतान और क्रेडिट स्कोर जैसी जानकारी भी देख सकती है।

इसलिए “आधार कार्ड है तो लोन पक्का मिलेगा” वाली बात सही नहीं है। हां, आधार कार्ड की मदद से ऑनलाइन केवाईसी और पहचान सत्यापन आसान हो सकता है, जिससे आवेदन प्रक्रिया पहले के मुकाबले सरल हो गई है।

इस पोस्ट में आपको आधार कार्ड से लोन कैसे लें, कौन-कौन से दस्तावेज चाहिए, पर्सनल लोन के लिए आवेदन कैसे करें, सरकारी योजना के तहत कारोबार के लिए लोन कैसे मिल सकता है, और फर्जी लोन ऐप से कैसे बचें, इन सभी बातों की पूरी जानकारी मिलेगी।

आधार कार्ड से लोन क्या होता है?

आधार कार्ड लोन कोई अलग प्रकार का लोन नहीं है। कई बार इंटरनेट पर “Aadhar Card Loan” शब्द देखकर लोगों को लगता है कि बैंक आधार कार्ड के बदले पैसा देता है। वास्तव में ऐसा नहीं है।
आधार कार्ड आपकी पहचान और पते से जुड़ा महत्वपूर्ण दस्तावेज है। ऑनलाइन लोन आवेदन के दौरान इसका उपयोग केवाईसी और पहचान सत्यापन के लिए किया जा सकता है।

उदाहरण के लिए यदि आप किसी बैंक या वित्तीय संस्था से पर्सनल लोन के लिए आवेदन करते हैं तो संस्था आधार के माध्यम से आपकी पहचान सत्यापित कर सकती है। इसके बाद आपकी आय, नौकरी, क्रेडिट इतिहास और भुगतान क्षमता के आधार पर लोन आवेदन पर निर्णय लिया जाता है।

इसलिए आम भाषा में जिस लोन को “आधार कार्ड लोन” कहा जाता है, वह ज्यादातर पर्सनल लोन, डिजिटल लोन या छोटे कारोबार से जुड़ा लोन हो सकता है।

इसे भी पढ़ें: उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक पर्सनल लोन 2026: ब्याज दर, पात्रता, दस्तावेज़, फीस और आवेदन प्रक्रिया

आधार कार्ड से कितने रुपए का लोन मिल सकता है?

आधार कार्ड के आधार पर लोन की कोई निश्चित रकम सीमा तय नहीं होती है। आपको ₹10,000 मिलेंगे, ₹1 लाख मिलेंगे या ₹10 लाख का लोन मिलेगा, इसका फैसला केवल आधार कार्ड देखकर नहीं किया जाता।
लोन की रकम आपकी मासिक आय, लोन का प्रकार, मौजूदा ईएमआई, क्रेडिट स्कोर, नौकरी या कारोबार की स्थिति और बैंक खाते के लेनदेन पर निर्भर करती है।

मान लीजिए एक व्यक्ति की मासिक आय ₹25,000 है और वह पहले से दो लोन की ईएमआई चुका रहा है। दूसरी तरफ किसी दूसरे व्यक्ति की मासिक आय ₹80,000 है और उस पर कोई मौजूदा लोन नहीं है। दोनों के पास आधार कार्ड होने के बावजूद उनकी लोन पात्रता अलग हो सकती है।

यही कारण है कि किसी भी वेबसाइट या ऐप पर “केवल आधार कार्ड से ₹10 लाख पक्का लोन” जैसी लाइन देखकर तुरंत आवेदन नहीं करना चाहिए।

आधार कार्ड से लोन की मुख्य जानकारी

जानकारीविवरण
लोन का प्रकारपर्सनल लोन, डिजिटल लोन या पात्रता के अनुसार अन्य लोन
आधार कार्ड का उपयोगपहचान और केवाईसी सत्यापन
लोन राशिबैंक या वित्तीय संस्था और आवेदक की पात्रता पर निर्भर
गारंटीअनसिक्योर्ड पर्सनल लोन में सामान्यतः संपत्ति गिरवी नहीं रखनी पड़ती
क्रेडिट स्कोरअधिकांश संस्थाएं क्रेडिट इतिहास जांच सकती हैं
आय की जांचलोन के अनुसार आवश्यक हो सकती है
आवेदन प्रक्रियाऑनलाइन या बैंक शाखा
भुगतानसामान्यतः मासिक ईएमआई
लोन मंजूरीआय, क्रेडिट प्रोफाइल और संस्था की नीति पर निर्भर

इस तालिका से साफ है कि आधार कार्ड लोन मंजूरी का एकमात्र आधार नहीं है। यह आवेदन प्रक्रिया में इस्तेमाल होने वाला एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है।

आधार कार्ड से लोन कैसे मिलेगा?

आधार कार्ड की मदद से लोन लेने के लिए सबसे पहले आपको बैंक, एनबीएफसी या किसी विश्वसनीय डिजिटल लोन प्लेटफॉर्म का चुनाव करना होगा। इसके बाद संबंधित संस्था की वेबसाइट, मोबाइल ऐप या शाखा मे जाकर लोन के लिए आवेदन किया जा सकता है।

आवेदन के दौरान मोबाइल नंबर, पैन कार्ड, आधार से जुड़ी जानकारी, जन्मतिथि, पता, नौकरी या कारोबार और मासिक आय से जुड़ी जानकारी मांगी जा सकती है।
इसके बाद केवाईसी पूरी की जाती है। संस्था आपके क्रेडिट इतिहास और भुगतान क्षमता की जांच कर सकती है। यदि आप संस्था के पात्रता नियम पूरे करते हैं तो आपको लोन राशि, ब्याज दर और भुगतान अवधि का प्रस्ताव मिल सकता है।

प्रस्ताव स्वीकार करने से पहले ब्याज दर के साथ वार्षिक प्रतिशत दर, प्रोसेसिंग फीस और अन्य शुल्क जरूर देखें। सभी शर्तें समझने के बाद ही लोन स्वीकार करना चाहिए।

क्या केवल आधार कार्ड से लोन मिल सकता है?

नहीं, सामान्य रूप से केवल आधार कार्ड के आधार पर लोन मिलना तय नहीं है।
आधार आपकी पहचान सत्यापित करने में मदद करता है। ज्यादातर लोन के लिए पैन कार्ड, बैंक खाता और आय या रोजगार से जुड़ी जानकारी भी मांगी जा सकती है।
कुछ छोटे डिजिटल लोन में दस्तावेज बहुत कम हो सकते हैं। इसका मतलब यह नहीं है कि संस्था केवल आधार कार्ड देखकर पैसा दे रही है। डिजिटल माध्यम से संस्था आपकी कई जानकारियों का सत्यापन कर सकती है।

इसलिए यदि कोई ऐप कहता है कि “ना पैन कार्ड चाहिए, ना आय की जानकारी, ना कोई जांच और हर व्यक्ति को तुरंत लोन मिलेगा”, तो ऐसे ऐप की अच्छी तरह जांच करना जरूरी है। क्योंकि आज के समय मे ऐसा संभव नहीं हैं।

लोन के लिए जरूरी दस्तावेज

आधार कार्ड से ऑनलाइन लोन आवेदन करते समय जरूरी दस्तावेज बैंक और लोन के प्रकार के अनुसार अलग हो सकते हैं। सामान्य रूप से आधार कार्ड और पैन कार्ड की आवश्यकता हो सकती है।
इसके अलावा बैंक खाते की जानकारी या बैंक स्टेटमेंट मांगी जा सकती है। नौकरी करने वाले व्यक्ति से सैलरी स्लिप या सैलरी खाते का विवरण लिया जा सकता है।

स्वरोजगार करने वाले व्यक्ति से कारोबार और आय से जुड़े दस्तावेज मांगे जा सकते हैं। कुछ मामलों में आयकर रिटर्न या अन्य वित्तीय दस्तावेज की जरूरत भी पड़ सकती है।
इसलिए केवल चार दस्तावेज होने पर “तुरंत लोन मिल जाएगा” कहना सही नहीं है। दस्तावेज पूरे होने के बाद भी अंतिम मंजूरी वित्तीय संस्था के नियमों पर निर्भर करती है।

आधार कार्ड से लोन कैसे लें पात्रता दस्तावेज और आवेदन की पूरी जानकारी

आधार कार्ड से पर्सनल लोन कैसे लें?

शादी, चिकित्सा खर्च, यात्रा, शिक्षा से जुड़े निजी खर्च या दूसरी व्यक्तिगत जरूरत के लिए पर्सनल लोन लिया जा सकता है। पर्सनल लोन सामान्यतः बिना संपत्ति गिरवी रखे दिया जाने वाला लोन होता है।
पर्सनल लोन के लिए आवेदन करने से पहले अपनी जरूरत की रकम तय करें। जरूरत ₹1 लाख की है तो केवल इसलिए ₹3 लाख का लोन न लें क्योंकि ऐप आपको अधिक रकम का प्रस्ताव दिखा रहा है।

इसके बाद बैंक या वित्तीय संस्था की ब्याज दर और शुल्क देखें। आवेदन करते समय अपनी सही व्यक्तिगत और आय संबंधी जानकारी दर्ज करें।
आधार और पैन के माध्यम से जरूरी सत्यापन पूरा करें। बैंक खाते की जानकारी दें और यदि मांगा जाए तो आय से जुड़े दस्तावेज जमा करें।
लोन प्रस्ताव मिलने के बाद ईएमआई और कुल भुगतान की रकम जरूर देखें। उसके बाद ही लोन समझौते को स्वीकार करें।

पर्सनल लोन लेने से पहले पात्रता जांचना क्यों जरूरी है?

बार-बार अलग-अलग लोन ऐप या बैंक में आवेदन करना सही तरीका नहीं है। यदि आप बिना पात्रता समझे लगातार आवेदन करते हैं तो आपकी क्रेडिट रिपोर्ट में कई लोन पूछताछ दिखाई दे सकती हैं।
आवेदन से पहले अपनी आय, मौजूदा ईएमआई और लोन की जरूरत को समझना चाहिए।

आप Fincoloan.com के Personal Loan Eligibility Calculator की मदद से अपनी संभावित पात्रता का अनुमान लगा सकते हैं। इससे आवेदन से पहले यह समझने में मदद मिल सकती है कि आपकी आय और मौजूदा ईएमआई के अनुसार कितनी लोन राशि संभालना आसान हो सकता है।

ध्यान रखें कि कैलकुलेटर से मिलने वाला परिणाम केवल अनुमान होता है। अंतिम लोन मंजूरी बैंक या वित्तीय संस्था ही करती है।

आधार कार्ड से लोन लेने के लिए सिबिल स्कोर कितना होना चाहिए?

हर बैंक और वित्तीय संस्था के लिए एक ही सिबिल स्कोर तय नहीं है। कई संस्थाएं अच्छे क्रेडिट स्कोर वाले आवेदकों को प्राथमिकता दे सकती हैं।
आमतौर पर 750 या इससे अधिक क्रेडिट स्कोर को अच्छा माना जाता है। अच्छे स्कोर के साथ बेहतर ब्याज दर या लोन प्रस्ताव मिलने की संभावना बढ़ सकती है। लेकिन 750 स्कोर होने पर लोन मंजूरी की गारंटी नहीं है।

इसी तरह कम क्रेडिट स्कोर का मतलब हर स्थिति में लोन आवेदन अस्वीकार होना भी नहीं है। संस्था आपकी आय, मौजूदा कर्ज और पिछले भुगतान की जानकारी भी देख सकती है।
यदि आपने पहले लोन या क्रेडिट कार्ड की किस्त समय पर नहीं चुकाई है तो इसका असर आपकी लोन पात्रता पर पड़ सकता है।

इसे भी पढ़ें: मोबाइल से आधार कार्ड पर लोन कैसे लें? जानिए आधार कार्ड से पर्सनल लोन लेने का पूरा तरीका, योग्यता, ब्याज और जरूरी सावधानियां

आधार कार्ड से तुरंत लोन देने वाले ऐप

भारत में कई डिजिटल लोन प्लेटफॉर्म और मोबाइल ऐप पर्सनल लोन आवेदन की सुविधा देते हैं। इनमें KreditBee, CASHe, Navi और Google Pay जैसे नाम शामिल हैं।

KreditBee की आधिकारिक जानकारी के अनुसार व्यक्तिगत लोन की राशि ₹6,000 से ₹10 लाख तक हो सकती है। इसकी बताई गई ब्याज दर 12% से 28% वार्षिक और अवधि 6 से 60 महीने तक हो सकती है। वास्तविक प्रस्ताव यानि ब्याज दर, लोन रकम और भुगतान अवधि आवेदक की वित्तीय स्थिति पर निर्भर करता है।

CASHe की आधिकारिक जानकारी के अनुसार पर्सनल लोन ₹15,000 से ₹3 लाख तक और भुगतान अवधि 3 से 18 महीने तक हो सकती है।

Navi लोन ऐप की वित्तीय सेवा से जुड़ी जानकारी के अनुसार पात्र आवेदकों के लिए डिजिटल लोन प्रक्रिया उपलब्ध है। वास्तविक लोन राशि और ब्याज दर ग्राहक की प्रोफाइल और संबंधित शर्तों पर निर्भर करती है।

मंचउपलब्ध जानकारीप्रक्रिया
KreditBee₹6,000 से ₹10 लाख तकऑनलाइन आवेदन और डिजिटल सत्यापन
CASHe₹15,000 से ₹3 लाख तकऐप आधारित आवेदन
Naviपात्रता के अनुसार प्रस्तावडिजिटल प्रक्रिया
Google Payलेंडिंग पार्टनर के आधार परलेंडिंग पार्टनर पर आधारित

लोन राशि और ब्याज दर समय के साथ बदल सकती है। इसलिए आवेदन से पहले संबंधित संस्था की आधिकारिक वेबसाइट और लोन समझौते में दी गई जानकारी जरूर देखें। हमारे द्वारा बताए गए ऐप लोन के लिए सुझाव नहीं है यह केवल सामान्य जानकारी के लिए बताए गए हैं लोन लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श अवश्य करें।

क्या लोन ऐप से 10 मिनट में पैसा मिल सकता है?

हां, कुछ डिजिटल लोन मामलों में आवेदन, सत्यापन और रकम भेजने की प्रक्रिया काफी तेज हो सकती है। लेकिन हर व्यक्ति को 5 या 10 मिनट में लोन मिलेगा, ऐसा नहीं है।
यदि आपकी केवाईसी पूरी है, बैंक खाते की जानकारी सही है और संस्था की जांच में कोई समस्या नहीं आती तो प्रक्रिया जल्दी पूरी हो सकती है।

कुछ मामलों में अतिरिक्त दस्तावेज मांगे जा सकते हैं। बैंक खाते का सत्यापन या दूसरी जांच में समय लग सकता है।
इसलिए “10 मिनट में लोन मंजूर” को हर आवेदक के लिए तय समय नहीं मानना चाहिए।

Google Pay से लोन कैसे मिलता है?

Google Pay खुद आपको लोन नहीं देता है। Google Pay एक ऐसा मंच उपलब्ध कराता है जहां पात्र उपयोगकर्ताओं को कुछ लोन देने वाली वित्तीय संस्थाओं के प्रस्ताव दिखाई दे सकते हैं।
Google Pay की आधिकारिक जानकारी के अनुसार केवल पात्र उपयोगकर्ताओं को लोन ऑफर दिखाई देते हैं। ये ऑफर ऐप के “Manage your money” या “Money” भाग में दिखाई दे सकते हैं।

Google Pay पर DMI Finance, Aditya Birla Capital Limited, Bajaj Finance, Axis Bank, L&T Finance Limited, SMFG India Credit और IDFC FIRST Bank जैसे लेंडिंग पार्टनर के लोन प्रस्ताव उपलब्ध हो सकते हैं।
यदि आपके Google Pay ऐप में लोन प्रस्ताव दिखाई देता है तो संबंधित प्रस्ताव को खोलें। लोन देने वाली संस्था का नाम देखें और लोन की राशि, अवधि तथा ब्याज से जुड़ी जानकारी पढ़ें।

इसके बाद मांगी गई जानकारी दर्ज करके केवाईसी और अन्य सत्यापन पूरा किया जा सकता है। आवेदन मंजूर होने पर संबंधित लेंडर की शर्तों के अनुसार रकम बैंक खाते में भेजी जा सकती है।
यह समझना जरूरी है कि Google Pay केवल तकनीकी मंच के रूप में लोन आवेदन को संबंधित लेंडर से जोड़ता है। अंतिम लोन निर्णय लोन देने वाली संस्था करती है।

क्या Google Pay लोन के लिए 750 सिबिल स्कोर जरूरी है?

नहीं, यह कहना सही नहीं है कि Google Pay पर दिखाई देने वाले हर लोन प्रस्ताव के लिए 750 से अधिक सिबिल स्कोर अनिवार्य है। लोन की पात्रता संबंधित लेंडर की नीति पर निर्भर करती है। आपकी क्रेडिट प्रोफाइल, आय और अन्य वित्तीय जानकारी की जांच की जा सकती है। हालांकि अच्छा क्रेडिट स्कोर बेहतर लोन प्रस्ताव मिलने में मदद कर सकता है, लेकिन एक निश्चित स्कोर को सभी लेंडर के लिए अनिवार्य नहीं माना जा सकता।

PMEGP योजना से कारोबार के लिए लोन

यदि आप नया छोटा बिजनेस शुरू करना चाहते हैं तो प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम यानी PMEGP की जानकारी देख सकते हैं।
यह सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय से जुड़ा ऋण आधारित सब्सिडी कार्यक्रम है। योजना का उद्देश्य गैर-कृषि क्षेत्र में नई सूक्ष्म इकाइयों के माध्यम से रोजगार के अवसर बढ़ाना है।

मौजूदा आधिकारिक जानकारी के अनुसार विनिर्माण क्षेत्र में ₹50 लाख तक और सेवा क्षेत्र में ₹20 लाख तक की परियोजना लागत योजना के तहत स्वीकार्य हो सकती है।
मार्जिन मनी सब्सिडी अलग-अलग श्रेणी और स्थान के अनुसार परियोजना लागत की 15% से 35% तक हो सकती है।

यहां एक जरूरी बात समझें। PMEGP के तहत ₹50 लाख की परियोजना सीमा का मतलब यह नहीं है कि हर व्यक्ति को ₹50 लाख का लोन मिल जाएगा। परियोजना, आवेदक की पात्रता और बैंक की जांच के आधार पर निर्णय होता है।

इसे भी पढ़ें: किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) लोन: किसानों को कितना लोन मिलता है, ब्याज दर, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया पूरी जानकारी

PMEGP के लिए आवेदन कैसे करें?

PMEGP के लिए आवेदन आधिकारिक PMEGP Portal के माध्यम से किया जा सकता है। आवेदन करते समय अपनी व्यक्तिगत जानकारी और प्रस्तावित कारोबार से जुड़ी जानकारी दर्ज करनी होती है।
इसके बाद परियोजना से संबंधित जरूरी दस्तावेज जमा किए जाते हैं। आवेदन की जांच और संबंधित प्रक्रिया पूरी होने के बाद बैंक स्तर पर लोन प्रस्ताव पर निर्णय लिया जाता है।
PMEGP Portal 2.0 के माध्यम से लाभार्थियों और वित्तीय संस्थानों के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया उपलब्ध है।

आवेदन के लिए केवल आधिकारिक PMEGP पोर्टल का इस्तेमाल करें। किसी व्यक्ति को “सब्सिडी वाला लोन पक्का करवाने” के नाम पर पहले पैसे न दें।

PM SVANidhi योजना में अब कितना लोन मिलता है?

पुरानी जानकारी में PM SVANidhi योजना के तहत ₹10,000 तक का ब्याज मुक्त लोन बताया जाता था। अब यह जानकारी सही नहीं है।
पुनर्गठित PM SVANidhi योजना के तहत रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं के लिए बिना गारंटी कार्यशील पूंजी लोन तीन चरणों में उपलब्ध है।

पहले चरण में ₹15,000 तक, दूसरे चरण में ₹25,000 तक और तीसरे चरण में ₹50,000 तक का लोन मिल सकता है।
समय पर भुगतान करने वाले पात्र लाभार्थियों के लिए 7% ब्याज सब्सिडी की व्यवस्था है। इसका मतलब यह नहीं है कि लोन पूरी तरह ब्याज मुक्त है।
अगस्त 2025 में योजना के पुनर्गठन को मंजूरी दी गई और इसकी लोन अवधि 31 मार्च 2030 तक बढ़ाई गई है।

PM SVANidhi के लिए कौन आवेदन कर सकता है?

PM SVANidhi योजना मुख्य रूप से पात्र स्ट्रीट वेंडर्स यानी रेहड़ी-पटरी लगाकर कारोबार करने वाले लोगों के लिए है।
हर व्यक्ति केवल आधार कार्ड दिखाकर इस योजना से लोन नहीं ले सकता। आवेदक को योजना की पात्रता शर्तों को पूरा करना होता है।
यदि आप स्ट्रीट वेंडर हैं तो PM SVANidhi के आधिकारिक पोर्टल पर योजना की जानकारी और आवेदन से जुड़ी प्रक्रिया देख सकते हैं।
पहले लोन का समय पर भुगतान करने के बाद पात्र लाभार्थी अगले चरण की अधिक लोन राशि के लिए योग्य हो सकते हैं।

आधार कार्ड से लोन लेने पर कितनी ब्याज दर लगती है?

आधार कार्ड के नाम से कोई निश्चित ब्याज दर नहीं होती है। ब्याज दर इस बात पर निर्भर करती है कि आप किस बैंक या वित्तीय संस्था से कौन सा लोन ले रहे हैं।
पर्सनल लोन की ब्याज दर आपकी क्रेडिट प्रोफाइल के अनुसार कम या अधिक हो सकती है। डिजिटल लोन ऐप पर ब्याज और कुल खर्च बैंक के पर्सनल लोन से अलग या अमूमन ज्यादा हो सकता है।
इसलिए केवल “मासिक ब्याज” देखकर लोन न लें। वार्षिक प्रतिशत दर यानी APR भी देखें।

APR से आपको लोन की वार्षिक लागत समझने में मदद मिलती है। इसमें ब्याज के साथ कुछ संबंधित शुल्कों का असर भी शामिल हो सकता है।
लोन स्वीकार करने से पहले Key Fact Statement यानी KFS जरूर पढ़ें। इसमें लोन की जरूरी शर्तें और लागत से जुड़ी जानकारी दी जाती है।

इसे भी पढ़ें: Flat Interest Rate और Reducing Interest Rate में क्या अंतर है? लोन लेने से पहले यह समझना बहुत जरूरी है

लोन की EMI पहले कैसे जांचें?

मान लीजिए आपको ₹2 लाख का लोन प्रस्ताव मिला है। ऐप पर रकम देखकर तुरंत लोन स्वीकार करने के बजाय पहले यह जांचें कि हर महीने कितनी ईएमआई चुकानी होगी।
इसके लिए Fincoloan.com के Loan EMI Calculator का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसमें लोन की रकम, ब्याज दर और भुगतान अवधि दर्ज करके अनुमानित मासिक ईएमआई देखी जा सकती है।

उदाहरण के लिए अधिक अवधि चुनने पर मासिक ईएमआई कम हो सकती है, लेकिन लंबे समय तक ब्याज चुकाने के कारण कुल भुगतान बढ़ सकता है।
वहीं कम अवधि में ईएमआई अधिक हो सकती है, लेकिन कुल ब्याज खर्च कम हो सकता है।
इसलिए केवल कम ईएमआई देखकर लंबी अवधि न चुनें। मासिक ईएमआई और कुल भुगतान दोनों की तुलना करें।

आधार कार्ड से लोन लेने की ऑनलाइन प्रक्रिया

सबसे पहले उस बैंक या वित्तीय संस्था की आधिकारिक वेबसाइट या ऐप चुनें जिससे आप लोन लेना चाहते हैं।
इसके बाद मोबाइल नंबर के माध्यम से पंजीकरण करें। अपनी व्यक्तिगत जानकारी सही तरीके से दर्ज करें।

आधार और पैन से जुड़ी जरूरी जानकारी देकर केवाईसी प्रक्रिया पूरी करें। यदि आय या बैंक स्टेटमेंट से जुड़े दस्तावेज मांगे जाते हैं तो सही दस्तावेज जमा करें।
इसके बाद संस्था आपकी पात्रता की जांच कर सकती है। पात्र होने पर लोन प्रस्ताव दिखाई देगा।
लोन प्रस्ताव में ब्याज दर, APR, प्रोसेसिंग फीस, ईएमआई, भुगतान अवधि और देर से भुगतान के शुल्क देखें।

सभी जानकारी समझने के बाद ही लोन स्वीकार करें। मंजूरी और जरूरी प्रक्रिया पूरी होने पर लोन की रकम बैंक खाते में भेजी जा सकती है।

लोन लेने से पहले KFS क्यों पढ़ना चाहिए?

बहुत से लोग केवल यह देखते हैं कि उन्हें कितने रुपए का लोन मिल रहा है। यह सबसे बड़ी गलतियों में से एक है।
लोन लेने से पहले Key Fact Statement यानी KFS पढ़ना जरूरी है। इसमें लोन की मुख्य वित्तीय जानकारी दी जाती है।
आपको वार्षिक प्रतिशत दर, प्रोसेसिंग फीस और दूसरे जरूरी शुल्क देखने चाहिए।

यदि ₹1 लाख का लोन मंजूर हुआ है लेकिन प्रोसेसिंग फीस और टैक्स काटने के बाद खाते में कम रकम आ रही है तो यह समझना जरूरी है कि आपको वास्तविक रूप से कितनी रकम मिल रही है और भुगतान कितना करना होगा।

भारतीय रिजर्व बैंक के डिजिटल लेंडिंग से जुड़े नियमों के अनुसार कर्ज लेने वाले व्यक्ति को लोन की महत्वपूर्ण जानकारी स्पष्ट रूप से उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

फर्जी आधार कार्ड लोन ऐप से कैसे बचें?

मोबाइल पर आने वाले “5 मिनट में लोन”, “सिबिल स्कोर की जरूरत नहीं” या “₹5 लाख पक्का लोन” जैसे संदेशों पर तुरंत भरोसा न करें।
किसी अनजान एसएमएस या सोशल मीडिया लिंक से लोन ऐप डाउनलोड न करें।
भारतीय रिजर्व बैंक की वित्तीय जागरूकता जानकारी के अनुसार डिजिटल लोन ऐप का उपयोग करने से पहले यह जांचना चाहिए कि वह किसी आरबीआई विनियमित बैंक या एनबीएफसी से जुड़ा है या नहीं। इसकी जानकारी संबंधित बैंक या एनबीएफसी की वेबसाइट पर देखी जा सकती है।

लोन देने से पहले यदि कोई व्यक्ति आपसे निजी खाते या यूपीआई नंबर पर “फाइल चार्ज”, “लोन रिलीज फीस” या “सिक्योरिटी रकम” भेजने के लिए कहता है तो भुगतान न करें।
ओटीपी, यूपीआई पिन और बैंक पासवर्ड किसी व्यक्ति के साथ साझा न करें।
आधार कार्ड और पैन कार्ड की फोटो अनजान व्हाट्सऐप नंबर पर भेजना भी नुकसानदायक हो सकता है।

इसे भी पढ़ें: प्रधानमंत्री मुद्रा लोन कैसे आवेदन करें? जानिए पूरी प्रक्रिया, जरूरी दस्तावेज और जरूरी सावधानियां

लोन ऐप मोबाइल की अनुमति मांगे तो क्या करें?

ऐप इंस्टॉल करते समय उसकी अनुमति जरूर देखें। यदि कोई साधारण लोन ऐप बिना स्पष्ट कारण आपके फोन की ऐसी जानकारी मांग रहा है जिसकी लोन प्रक्रिया में जरूरत नहीं है तो सावधान रहें।
लोन ऐप का नाम देखकर ही भरोसा न करें। लोन देने वाली वास्तविक संस्था का नाम पता करें।
लोन समझौते में बैंक या एनबीएफसी का नाम देखें। संबंधित संस्था की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर डिजिटल लोन प्लेटफॉर्म से जुड़ी जानकारी जांचें।
जल्दी लोन लेने के चक्कर में इन बातों को नजरअंदाज करना बाद में परेशानी का कारण बन सकता है।

आधार कार्ड से लोन आवेदन रिजेक्ट क्यों हो सकता है?

  • आधार कार्ड और पैन कार्ड होने के बाद भी लोन आवेदन अस्वीकार हो सकता है।
  • कम क्रेडिट स्कोर इसका एक कारण हो सकता है। पुराने लोन की ईएमआई देर से चुकाने का रिकॉर्ड भी समस्या पैदा कर सकता है।
  • मासिक आय के मुकाबले पहले से अधिक ईएमआई होने पर संस्था नया लोन देने से मना कर सकती है।
  • आवेदन में गलत जानकारी, आधार और पैन की जानकारी में अंतर या बैंक खाते से जुड़ी समस्या भी आवेदन को प्रभावित कर सकती है।
  • बहुत कम समय में कई जगह लोन के लिए आवेदन करना भी आपकी क्रेडिट प्रोफाइल पर असर डाल सकता है।
  • इसलिए आवेदन रिजेक्ट होने पर तुरंत पांच-दस दूसरे ऐप में आवेदन करने के बजाय अस्वीकृति का संभावित कारण समझें।

लोन लेते समय कितनी EMI रखना सही है?

आपकी मासिक आय का बड़ा हिस्सा पहले से ईएमआई में जा रहा है तो नया लोन आर्थिक दबाव बढ़ा सकता है।
मान लीजिए आपकी मासिक आय ₹40,000 है और पहले से ₹18,000 की ईएमआई चल रही है। यदि आप ₹10,000 की नई ईएमआई वाला लोन लेते हैं तो कुल ₹28,000 हर महीने कर्ज भुगतान में जाएगा।
ऐसी स्थिति में किराया, राशन, बच्चों की पढ़ाई और आपात खर्च संभालना मुश्किल हो सकता है।

लोन लेने से पहले अपने Debt-to-Income यानी DTI अनुपात को समझना अच्छा तरीका है। Fincoloan.com के DTI Ratio Calculator की मदद से आय के मुकाबले मौजूदा कर्ज भुगतान का अनुमान लगाया जा सकता है।

जरूरत और इच्छा में अंतर समझकर लोन लें

मोबाइल से कुछ मिनटों में आवेदन हो जाने के कारण कई लोग बिना जरूरत के भी लोन ले लेते हैं।
चिकित्सा आपात स्थिति, जरूरी शिक्षा खर्च या दूसरी महत्वपूर्ण जरूरत के लिए लोन लेना अलग बात है। केवल नया मोबाइल खरीदने, महंगी यात्रा करने या दिखावे के खर्च के लिए ऊंची ब्याज दर वाला पर्सनल लोन लेना आपके बजट को बिगाड़ सकता है।
लोन की ईएमआई कई महीनों तक आपकी आय से जाएगी। इसलिए आवेदन करने से पहले खुद से पूछें कि जिस खर्च के लिए लोन लिया जा रहा है, क्या वह वास्तव में जरूरी है?

अपने पैसे को बेहतर तरीके से संभालने, बचत और निवेश की समझ बढ़ाने के लिए मेरी ई-बुक “फाइनेंशियल फ्रीडम कैसे पाएं – नौकरी से निवेश तक का सफर” भी पढ़ सकते हैं। इसमें नौकरी से कमाई शुरू करने के बाद बचत, आर्थिक योजना और निवेश तक के सफर को आसान हिंदी में समझाया गया है।

आधार कार्ड से लोन लेने के फायदे

  • डिजिटल प्रक्रिया का सबसे बड़ा फायदा यह है कि कई मामलों में बैंक शाखा जाने की जरूरत कम हो गई है।
  • आधार आधारित पहचान सत्यापन से केवाईसी प्रक्रिया आसान हो सकती है। ऑनलाइन आवेदन के कारण घर बैठे जानकारी दर्ज की जा सकती है।
  • पात्र आवेदकों के लिए लोन प्रस्ताव जल्दी मिल सकता है। लोन की ईएमआई बैंक खाते से तय तारीख पर भुगतान की जा सकती है।
  • लेकिन आसान आवेदन का मतलब सस्ता लोन नहीं है। ब्याज और शुल्क की जांच करना हमेशा जरूरी है।

आधार कार्ड से ऑनलाइन लोन लेने के नुकसान

  • डिजिटल लोन आसानी से उपलब्ध होने के कारण जरूरत से ज्यादा कर्ज लेने का खतरा बढ़ जाता है।
  • कुछ लोन में ब्याज दर और APR काफी अधिक हो सकती है। प्रोसेसिंग फीस और टैक्स के कारण मंजूर लोन राशि और खाते में मिलने वाली वास्तविक रकम में अंतर हो सकता है।
  • ईएमआई देर से चुकाने पर अतिरिक्त शुल्क लग सकता है और क्रेडिट स्कोर प्रभावित हो सकता है।
  • फर्जी लोन ऐप और धोखाधड़ी का खतरा भी बना रहता है। इसलिए केवल विश्वसनीय और विनियमित वित्तीय संस्था से जुड़े मंच का इस्तेमाल करना चाहिए।

क्या आधार कार्ड पर बिना गारंटी लोन मिलता है?

हां, पर्सनल लोन सामान्यतः अनसिक्योर्ड लोन होता है। ऐसे लोन में घर, जमीन या सोना गिरवी रखने की जरूरत सामान्यतः नहीं होती है।
लेकिन “बिना गारंटी” का मतलब “बिना जांच” नहीं है।
बैंक या एनबीएफसी आपकी आय और क्रेडिट प्रोफाइल की जांच कर सकती है। भुगतान न करने पर क्रेडिट स्कोर प्रभावित हो सकता है और संस्था लोन समझौते तथा लागू नियमों के अनुसार वसूली की प्रक्रिया अपना सकती है।
इसलिए बिना संपत्ति गिरवी वाले लोन को मुफ्त पैसा नहीं समझना चाहिए।

Aadhar Card Loan Apply करते समय इन बातों का ध्यान रखें

  • किसी भी लोन के लिए आवेदन करने से पहले वास्तविक जरूरत की रकम तय करें। लोन देने वाली संस्था का नाम और उसकी विश्वसनीयता जांचें।
  • ब्याज दर के साथ APR देखें। प्रोसेसिंग फीस और अन्य शुल्क समझें।
  • ईएमआई की गणना पहले करें और देखें कि मासिक आय से भुगतान आसानी से हो सकता है या नहीं।
  • लोन समझौता और KFS पढ़ें। अनजान लिंक से ऐप डाउनलोड न करें और किसी को ओटीपी या यूपीआई पिन न बताएं।
  • सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि केवल “तुरंत पैसा” देखकर लोन न लें। लोन कुछ मिनट में मिल सकता है, लेकिन उसकी ईएमआई कई महीनों या वर्षों तक चुकानी पड़ सकती है।

निष्कर्ष (Conclusion)
Aadhar Card Se Loan Kaise Le का सीधा जवाब यह है कि आधार कार्ड ऑनलाइन केवाईसी और पहचान सत्यापन में मदद करता है, लेकिन केवल आधार कार्ड होने से लोन मंजूर नहीं होता।
पर्सनल लोन या डिजिटल लोन के लिए पैन कार्ड, बैंक खाता, आय और क्रेडिट प्रोफाइल की जांच हो सकती है। लोन की रकम भी आवेदक की पात्रता और लोन देने वाली संस्था के नियमों पर निर्भर करती है।

वहीं कारोबार शुरू करने वाले पात्र लोगों के लिए PMEGP और रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं के लिए PM SVANidhi जैसी सरकारी योजनाएं उपलब्ध हैं।
लोन के लिए आवेदन करना अब आसान हुआ है, लेकिन फैसला सोच-समझकर लेना पहले से ज्यादा जरूरी है। ब्याज दर, APR, प्रोसेसिंग फीस, ईएमआई और कुल भुगतान समझने के बाद ही लोन स्वीकार करें।

Aadhar Card Loan से जुड़े सवाल और जवाब

क्या केवल आधार कार्ड से लोन मिल सकता है?

नहीं, केवल आधार कार्ड होने से लोन मिलना तय नहीं है। आधार का उपयोग पहचान और केवाईसी के लिए हो सकता है। पैन कार्ड, बैंक खाता और आय से जुड़ी जानकारी भी मांगी जा सकती है।

आधार कार्ड से ₹10 लाख का लोन मिल सकता है?

हां, कुछ वित्तीय संस्थाएं पात्र आवेदकों को ₹10 लाख या इससे अधिक का पर्सनल लोन दे सकती हैं। लेकिन लोन राशि केवल आधार कार्ड पर तय नहीं होती है। आय, क्रेडिट स्कोर और भुगतान क्षमता देखी जा सकती है।

क्या आधार कार्ड से 5 मिनट में लोन मिलता है?

कुछ डिजिटल लोन मामलों में प्रक्रिया जल्दी पूरी हो सकती है। हर आवेदक को 5 मिनट में लोन मिलेगा, यह तय नहीं है।

क्या बिना सिबिल स्कोर के आधार कार्ड से लोन मिलेगा?

हो सकता है कुछ लेंडर सीमित क्रेडिट इतिहास वाले आवेदकों के लिए अलग मूल्यांकन प्रक्रिया अपनाएं। लेकिन अधिकांश वित्तीय संस्थाएं आवेदक की क्रेडिट जानकारी और भुगतान क्षमता की जांच कर सकती हैं।

आधार कार्ड से लोन लेने के लिए पैन कार्ड जरूरी है?

ज्यादातर पर्सनल लोन आवेदन में पैन कार्ड मांगा जा सकता है। संबंधित लेंडर के दस्तावेज नियमों को आवेदन से पहले जांचना चाहिए।

PM SVANidhi में कितना लोन मिलता है?

पुनर्गठित योजना के तहत पात्र स्ट्रीट वेंडर्स को तीन चरणों में ₹15,000, ₹25,000 और ₹50,000 तक बिना गारंटी कार्यशील पूंजी लोन मिल सकता है।

क्या PM SVANidhi लोन ब्याज मुक्त है?

नहीं, इसे पूरी तरह ब्याज मुक्त लोन कहना सही नहीं है। समय पर भुगतान करने वाले पात्र लाभार्थियों के लिए 7% ब्याज सब्सिडी की व्यवस्था है।

PMEGP में कितना लोन मिल सकता है?

PMEGP में विनिर्माण क्षेत्र के लिए ₹50 लाख तक और सेवा क्षेत्र के लिए ₹20 लाख तक की परियोजना लागत स्वीकार्य हो सकती है। वास्तविक वित्तीय सहायता और मंजूरी पात्रता तथा बैंक की जांच पर निर्भर करती है।

लोन ऐप असली है या फर्जी कैसे पता करें?

ऐप से जुड़ी लोन देने वाली बैंक या एनबीएफसी का नाम देखें। संबंधित संस्था की आधिकारिक वेबसाइट पर ऐप या डिजिटल लेंडिंग व्यवस्था की जानकारी जांचें। अनजान एसएमएस या सोशल मीडिया लिंक से लोन ऐप डाउनलोड न करें।

आधार कार्ड से लोन लेने से पहले क्या जांचें?

ब्याज दर, APR, प्रोसेसिंग फीस, मासिक ईएमआई, कुल भुगतान, देर से भुगतान के शुल्क और KFS जरूर जांचें।

अस्वीकरण: इस पोस्ट में दी गई जानकारी केवल वित्तीय जागरूकता और सामान्य जानकारी के लिए है। लोन की राशि, ब्याज दर, शुल्क, पात्रता और मंजूरी बैंक या वित्तीय संस्था की मौजूदा नीति तथा आवेदक की वित्तीय स्थिति पर निर्भर करती है। आवेदन से पहले संबंधित बैंक, एनबीएफसी या सरकारी योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर नवीनतम जानकारी जरूर जांचें।

इसे भी पढ़ें: 7 लाख पर्सनल लोन की ईएमआई कितनी होगी? जानिए ब्याज दर और अवधि के अनुसार पूरी गणना

प्रवीन कुमार

प्रवीन कुमार एक फाइनेंस ब्लॉगर और कंटेंट राइटर हैं, जो पिछले 5 वर्षों से लोन, बैंकिंग, ईएमआई, क्रेडिट स्कोर, SIP, म्यूचुअल फंड, निवेश और वित्तीय जागरूकता जैसे विषयों पर लेख लिख रहे हैं। वे Fincoloan.com और Paisawale.in ब्लॉग के संस्थापक हैं। इन्होंने B.Ed तथा M.Sc. की शिक्षा प्राप्त की है और ‘फाइनेंशियल फ्रीडम कैसे पाएं: नौकरी से निवेश तक का सफर’ नामक हिंदी ई-बुक भी लिखी है।