कई बार अचानक ऐसी जरूरत सामने आ जाती है जब बैंक खाते में पर्याप्त पैसा नहीं होता, लेकिन कैश की तुरंत आवश्यकता पड़ती है। ऐसे समय में अगर आपके पास क्रेडिट कार्ड है तो ATM से पैसे निकालने का विकल्प दिखाई देता है। कार्ड डालिए, पिन दर्ज कीजिए और कुछ ही मिनट में कैश आपके हाथ में आ जाता है।
सुविधा तो आसान है, लेकिन क्रेडिट कार्ड से ATM से कैश निकालना सामान्य खरीदारी करने जैसा नहीं होता। यहां एक छोटी-सी गलती आपको काफी महंगी पड़ सकती है। बहुत से लोग यह सोचकर क्रेडिट कार्ड से कैश निकाल लेते हैं कि बिल आने के बाद ड्यू डेट तक पूरा पैसा जमा कर देंगे और कोई ब्याज नहीं लगेगा। जबकि कैश निकालने के मामले में नियम अलग होते हैं।
क्रेडिट कार्ड से कैश निकालने पर आमतौर पर कैश एडवांस फीस लगती है और निकाली गई रकम पर ब्याज भी पहले दिन से जुड़ना शुरू हो जाता है। इसके अलावा लागू टैक्स और भुगतान में देरी होने पर दूसरे शुल्क भी आपका खर्च बढ़ा सकते हैं।
इसलिए अगर आपके मन में सवाल है कि क्रेडिट कार्ड से ATM से कैश निकालना चाहिए या नहीं, तो इस पोस्ट में आपको इसका सीधा जवाब मिलेगा। साथ ही जानेंगे कि क्रेडिट कार्ड से कैश निकालने पर कितना चार्ज लगता है, ब्याज कैसे लगता है, इसके क्या नुकसान हैं और किन परिस्थितियों में कैश निकालना सही हो सकता है।

क्रेडिट कार्ड से ATM से कैश निकालना क्या होता है?
जब आप अपने क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल ATM से नकद पैसे निकालने के लिए करते हैं तो इसे Cash Advance यानी कैश एडवांस कहा जाता है।
सामान्य खरीदारी में आप क्रेडिट कार्ड से किसी दुकान, वेबसाइट या ऐप पर भुगतान करते हैं। वहीं कैश एडवांस में कार्ड की उपलब्ध कैश लिमिट में से नकद राशि निकालते हैं।
ध्यान रखें कि आपके क्रेडिट कार्ड की कुल लिमिट और कैश निकालने की लिमिट एक जैसी होना जरूरी नहीं है।
मान लीजिए आपके क्रेडिट कार्ड की कुल लिमिट ₹1 लाख है। इसका मतलब यह नहीं कि आप ATM से पूरे ₹1 लाख निकाल सकते हैं। कार्ड जारी करने वाला बैंक आपकी अलग Cash Withdrawal Limit तय कर सकता है।
यह लिमिट कार्ड और बैंक के अनुसार अलग अलग होती है। आप अपने क्रेडिट कार्ड ऐप, स्टेटमेंट या कार्ड की शर्तों में कैश लिमिट देख सकते हैं।
क्रेडिट कार्ड से कैश निकालने पर कितना चार्ज लगता है?
क्रेडिट कार्ड से ATM से पैसे निकालना महंगा होने की सबसे बड़ी वजह उस पर लगने वाले शुल्क और ब्याज हैं।
आमतौर पर कैश निकालने के बाद इन खर्चों का सामना करना पड़ सकता है:
| चार्ज | कब लगता है |
|---|---|
| Cash Advance Fee | ATM से कैश निकालते ही |
| Finance Charge | कैश निकालने की तारीख से |
| GST | लागू फीस और ब्याज पर |
| Late Payment Charge | समय पर जरूरी भुगतान नहीं करने पर |
| अन्य लागू शुल्क | कार्ड की शर्तों के अनुसार |
अब इन्हें आसान भाषा में समझते हैं।
Cash Advance Fee क्या होती है?
जब आप क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल ATM से पैसे निकालने के लिए करते हैं तो बैंक कैश निकालने पर एक फीस लेता है। इसे Cash Advance Fee कहा जाता है।
यह फीस हर कैश निकासी पर लग सकती है। कई क्रेडिट कार्ड में कैश एडवांस फीस निकाली गई रकम का एक तय प्रतिशत होती है या हर बार कैश निकालने पर एक न्यूनतम फीस तय रहती है। उदाहरण के लिए कुछ कार्ड में 2.5% फीस या न्यूनतम ₹500, जो भी अधिक हो, वो लागू हो सकती है।
इसे उदाहरण से समझते हैं।
मान लीजिए आपके कार्ड पर कैश एडवांस फीस 2.5% या न्यूनतम ₹500 है।
अगर आपने ATM से ₹5,000 निकाले तो:
₹5,000 × 2.5% = ₹125
लेकिन न्यूनतम फीस ₹500 है। इसलिए आपको ₹125 नहीं बल्कि ₹500 कैश एडवांस फीस देनी होगी।
अब अगर आपने ₹50,000 निकाले तो:
₹50,000 × 2.5% = ₹1,250
इस स्थिति में ₹1,250 फीस लगेगी क्योंकि यह न्यूनतम फीस ₹500 से अधिक है। अभी सिर्फ इतना ही नहीं इस फीस पर 18% GST भी लगती है
यानी न्यूनतम फीस ₹500 है तो इस पर आपको ₹50,000 × 18% = ₹90 GST के साथ ₹590 तो देने ही होंगे
यही वजह है कि क्रेडिट कार्ड से बड़ी रकम निकालना तो महंगा पड़ता ही है लेकिन छोटी रकम निकालना भी कई बार काफी महंगा पड़ जाता है।
ध्यान रखें, कैश एडवांस फीस हर बैंक और हर क्रेडिट कार्ड में एक जैसी नहीं होती। कुछ कार्ड की फीस अलग हो सकती है। इसलिए कैश निकालने से पहले अपने कार्ड के शुल्क जरूर देखें।
इसे भी पढ़ें: पर्सनल लोन और क्रेडिट कार्ड लोन में कौन बेहतर है? ब्याज, EMI और छिपे चार्ज का पूरा सच
Finance Charge कब लगता है?
क्रेडिट कार्ड से ATM से कैश निकालने का सबसे बड़ा नुकसान Finance Charge यानी ब्याज है।
सामान्य क्रेडिट कार्ड खरीदारी पर आपको बिल और ड्यू डेट के आधार पर ब्याज-मुक्त समय मिल सकता है। लेकिन कैश एडवांस में आमतौर पर ब्याज-मुक्त अवधि नहीं मिलती।
जिस दिन आप ATM से कैश निकालते हैं, उसी दिन से निकाली गई रकम पर ब्याज लगना शुरू हो जाता है।
मान लीजिए आपने 1 जुलाई को ₹10,000 कैश निकाले और 20 जुलाई को पूरी रकम चुकाई। आपने भले ही ड्यू डेट से पहले भुगतान कर दिया, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि कैश निकासी पर ब्याज नहीं लगेगा। 1 जुलाई से बिल भुगतान की तारीख तक लागू Finance Charge जुड़ सकता है।
ब्याज दर आपके क्रेडिट कार्ड पर निर्भर करती है। उदाहरण के लिए कुछ कार्ड में मासिक Finance Charge 3% से अधिक हो सकता है। SBI Card की मौजूदा जानकारी में कई असुरक्षित कार्ड पर Finance Charge 3.75% प्रति माह तक है, जबकि HDFC Bank के कुछ कार्ड में कैश एडवांस से जुड़े ब्याज की दर कार्ड के अनुसार अलग है।
इसलिए अपने कार्ड की सही ब्याज दर जानने के लिए कार्ड के Most Important Terms and Conditions यानी मुख्य नियम और शुल्क जरूर देखें।
₹10,000 कैश निकालने पर कितना खर्च हो सकता है?
एक आसान उदाहरण लेते हैं।
मान लीजिए आपने क्रेडिट कार्ड से ₹10,000 निकाले।
Cash Advance Fee: ₹500
फीस पर 18% GST: ₹90
अब मान लेते हैं कि कार्ड पर मासिक ब्याज दर 3.5% है और आपने लगभग 30 दिन बाद भुगतान किया।
₹10,000 पर लगभग एक महीने का ब्याज = ₹350
ब्याज पर लागू GST भी जुड़ सकता है।
₹350 × 18% = ₹63
इस उदाहरण में आपका अनुमानित अतिरिक्त खर्च होगा:
| खर्च | अनुमानित राशि |
|---|---|
| Cash Advance Fee | ₹500 |
| GST | ₹90 |
| Finance Charge | ₹350 |
| ब्याज पर GST | ₹63 |
| कुल अतिरिक्त खर्च | ₹1,003 |
यानी ₹10,000 कैश निकालने पर इस उदाहरण में लगभग ₹1,003 का अतिरिक्त खर्च हो सकता है।
असल शुल्क आपके कार्ड की फीस, ब्याज दर और भुगतान की तारीख पर निर्भर करेगा।
इसलिए ATM से कैश निकालने से पहले केवल यह ना देखें कि आपके कार्ड में कितनी कैश लिमिट उपलब्ध है। यह भी देखें कि उस कैश के लिए आपको कुल कितना पैसा चुकाना पड़ेगा।
इसे भी पढ़ें: SBI क्रेडिट कार्ड के नियम एवं शर्तें, SBI क्रेडिट कार्ड शुल्क, वार्षिक व रिन्युवल चार्ज
क्या ड्यू डेट से पहले भुगतान करने पर ब्याज नहीं लगेगा?
सामान्य खरीदारी और क्रेडिट कार्ड कैश एडवांस को एक जैसे नहीं होते है। कैश एडवांस पर ब्याज आमतौर पर कैश निकालने की तारीख से शुरू हो जाता है। जबकि सामान्य खरीदारी पर ड्यू डेट तक ब्याज मे छूट रहती है।
मान लीजिए आपका क्रेडिट कार्ड बिल 10 तारीख को बनता है और भुगतान की आखिरी तारीख 30 तारीख है। आपने 12 तारीख को ATM से ₹20,000 निकाले और 25 तारीख को पूरा भुगतान कर दिया। भले ही आपने ड्यू डेट से पहले पैसा जमा कर दिया, फिर भी 12 तारीख से भुगतान होने तक कैश निकासी पर लागू ब्याज जुड़ जाएगा।
इसलिए क्रेडिट कार्ड से कैश निकालने के बाद बिल की ड्यू डेट का इंतजार करना सही तरीका नहीं है। जितनी जल्दी संभव हो, निकाली गई रकम और बाकी बकाया चुकाना बेहतर रहता है।
ड्यू डेट के बाद कितना चार्ज लगता है?
अगर आप क्रेडिट कार्ड से कैश निकालने के बाद समय पर भुगतान नहीं करते हैं तो खर्च औरब भी ज्यादा बढ़ सकता है।
कैश एडवांस पर ब्याज पहले से चल रहा होता है। इसके बाद अगर स्टेटमेंट में दिखाई गई जरूरी राशि का भुगतान ड्यू डेट तक नहीं किया जाता तो कार्ड की शर्तों के अनुसार Late Payment Charge भी लग सकता है।
यहाँ पर एक और महत्वपूर्ण बात समझें। अगर आप कुल बकाया राशि का भुगतान नहीं करते हैं तो क्रेडिट कार्ड की ब्याज-मुक्त अवधि पर भी असर पड़ सकता है। ऐसी स्थिति में नई खरीदारी पर भी ब्याज लगने की स्थिति बन सकती है।
इसलिए केवल Minimum Amount Due यानी न्यूनतम देय राशि जमा करके यह ना सोचें कि आपका पूरा क्रेडिट कार्ड बिल चुका दिया गया है।
क्रेडिट कार्ड से कैश निकालने के क्या नुकसान हैं?
- कैश एडवांस फीस लगती है।
- कैश निकालने के पहले दिन से ब्याज लगता है।
- ब्याज-मुक्त समय नहीं मिलता है।
- छोटी रकम निकालना भी महंगा पड़ सकता है।
- क्रेडिट कार्ड की उपलब्ध लिमिट कम हो जाती है।
- ज्यादा बकाया होने से क्रेडिट स्कोर पर असर पड़ सकता है।
- समय पर भुगतान नहीं करने पर अतिरिक्त चार्ज लग सकते हैं।
- कैश एडवांस फीस, ब्याज और GST से कुल खर्च बढ़ जाता है।
क्या क्रेडिट कार्ड से कैश निकालने पर CIBIL Score खराब होता है?
केवल क्रेडिट कार्ड से कैश निकालने पर CIBIL Score खराब नहीं होता। लेकिन कैश निकालने के बाद आपका बकाया बढ़ जाता है और अगर आप समय पर बिल का भुगतान नहीं करते हैं तो इसका असर क्रेडिट स्कोर पर पड़ सकता है। इसलिए कैश एडवांस लेने से पहले यह जरूर देखें कि आप निकाली गई रकम को समय पर चुका पाएंगे या नहीं।
इसे भी पढ़ें: Delinquency और Default में क्या अंतर है? जानिए आपके Credit Score पर इसका असर होगा
क्रेडिट कार्ड से कैश कब निकालना चाहिए?
मेरी राय में क्रेडिट कार्ड से कैश निकालने की सुविधा को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।
लेकिन कुछ परिस्थितियों में यह सुविधा काम आ सकती है।
जैसे आपको तुरंत कैश की जरूरत है, बैंक खाते में पैसे उपलब्ध नहीं हैं और भुगतान का कोई दूसरा तरीका काम नहीं कर रहा। किसी जरूरी यात्रा के दौरान अचानक नकद पैसे की आवश्यकता पड़ गई या ऐसी इमरजेंसी सामने आ गई जहां तुरंत कैश जरूरी है। तो ऐसी स्थिति में क्रेडिट कार्ड से कैश निकाला जा सकता है।
लेकिन कैश निकालने से पहले आपके पास इसे जल्दी चुकाने की योजना होनी चाहिए। अगर आपको पहले से पता है कि अगले कुछ दिनों में पैसा मिलने वाला है और आप पूरा बकाया जल्दी चुका देंगे, तब कैश एडवांस का खर्च सीमित रखा जा सकता है।
क्रेडिट कार्ड से कैश कब नहीं निकालना चाहिए?
अगर आप शॉपिंग करने, पार्टी करने, घूमने या किसी गैर-जरूरी खर्च के लिए कैश निकाल रहे हैं तो इससे बचना चाहिए।
महीने का सामान्य खर्च चलाने के लिए बार-बार क्रेडिट कार्ड से कैश निकालना भी खतरे का संकेत है। इसका मतलब है कि आपकी आय और खर्च के बीच सही तालमेल नहीं बन रहा।
एक क्रेडिट कार्ड का बिल चुकाने के लिए दूसरे क्रेडिट कार्ड से कैश निकालना बिल्कुल सही तरीका नहीं है। ऐसा करने से आप महंगे कर्ज के चक्र में फंस सकते हैं। अगर आपको पता है कि अगले महीने भी पूरा भुगतान नहीं कर पाएंगे तो कैश एडवांस लेने से पहले दूसरे विकल्पों पर विचार करें।
इसे भी पढ़ें: क्रेडिट कार्ड के फायदे और नुकसान: क्या आपको क्रेडिट कार्ड लेना चाहिए?
कैश निकालने से पहले क्या-क्या सावधानी बरतनी चाहिए?
- कैश निकालने से पहले Cash Advance Fee और Finance Charge जरूर देखें।
- केवल जरूरत के अनुसार ही कैश निकालें।
- बार-बार छोटी रकम निकालने से बचें।
- कैश निकालने के बाद ड्यू डेट का इंतजार ना करें बल्कि जल्दी से जल्दी भुगतान करने का प्रयास करें।
- क्रेडिट कार्ड स्टेटमेंट में लगाए गए सभी शुल्क जरूर जांचें।
- कोई शुल्क समझ नहीं आए तो कार्ड जारी करने वाले बैंक या संस्था से जानकारी लें।
पैसों की सही योजना बनाना क्यों जरूरी है?
अगर आपको बार-बार अचानक खर्च के लिए क्रेडिट कार्ड से कैश निकालना पड़ रहा है तो आपको अपने पैसों की योजना पर ध्यान देने की जरूरत है।
हर महीने अपनी आय का एक हिस्सा Emergency Fund यानी अचानक आने वाले जरूरी खर्चों के लिए बचाना शुरू करें। इससे मेडिकल जरूरत, जरूरी यात्रा, नौकरी से जुड़ी समस्या या दूसरे अचानक खर्च के समय महंगे क्रेडिट कार्ड कैश एडवांस पर निर्भरता कम होगी।
अगर आप पैसों को बेहतर तरीके से संभालना, बचत और निवेश की शुरुआत करना चाहते हैं तो मेरी ई-बुक फाइनेंशियल फ्रीडम कैसे पाए: नौकरी से निवेश तक का सफर भी पढ़ सकते हैं। इसमें पैसे संभालने, बचत, निवेश और आर्थिक रूप से मजबूत बनने से जुड़ी बातें आसान भाषा में समझाई गई हैं।
निष्कर्ष: क्रेडिट कार्ड से ATM से कैश निकालना चाहिए या नहीं?
इस पोस्ट को पढ़ने के बाद अब आप समझ चुके होंगे कि क्रेडिट कार्ड से ATM से कैश निकालना चाहिए या नहीं।
सीधा जवाब है कि सामान्य जरूरतों के लिए क्रेडिट कार्ड से कैश निकालने से बचना चाहिए। लगभग सभी क्रेडिट कार्ड में कैश निकालने की सुविधा जरूर मिलती है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि इसका बार-बार इस्तेमाल किया जाए। क्योंकि कैश एडवांस फीस, GST और पहले दिन से लगने वाला ब्याज इसे काफी महंगा बना देता है।
मैं आपसे यही कहना चाहूंगा कि अगर कोई वास्तविक इमरजेंसी है और कैश का दूसरा विकल्प उपलब्ध नहीं है, तभी क्रेडिट कार्ड से पैसे निकालें। लेकिन कैश निकालने के बाद जितनी जल्दी संभव हो, बकाया चुका दें।
केवल शॉपिंग, घूमने, पार्टी या महीने का सामान्य खर्च चलाने के लिए क्रेडिट कार्ड से ATM कैश निकालना सही फैसला नहीं है। क्रेडिट कार्ड को केवल सुविधा की तरह इस्तेमाल करें, अतिरिक्त कमाई की तरह नहीं।
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
Q1. क्या क्रेडिट कार्ड से ATM से कैश निकाल सकते हैं?
हां, अगर आपके क्रेडिट कार्ड पर Cash Withdrawal Limit उपलब्ध है तो ATM से कैश निकाल सकते हैं।
Q2. क्रेडिट कार्ड से कैश निकालने पर कितना चार्ज लगता है?
चार्ज बैंक और कार्ड के अनुसार अलग होता है। कई कार्ड में निकाली गई रकम का लगभग 2.5% या तय न्यूनतम फीस लागू होती है। कुछ कार्ड में फीस और अधिक हो सकती है।
Q3. क्या क्रेडिट कार्ड से कैश निकालने पर ब्याज लगता है?
हां। कैश एडवांस पर आमतौर पर कैश निकालने की तारीख से ब्याज लगना शुरू हो जाता है।
Q4. क्या ड्यू डेट से पहले भुगतान करने पर कैश निकासी का ब्याज नहीं लगेगा?
नहीं। कैश एडवांस पर ब्याज आमतौर पर निकासी की तारीख से भुगतान होने तक लगता है।
Q5. क्या Cash Advance Fee पर GST लगता है?
हां, लागू क्रेडिट कार्ड फीस पर 18% GST लगाया जाता है।
Q6. क्या क्रेडिट कार्ड से कैश निकालने पर CIBIL Score खराब होता है?
केवल कैश निकालने से स्कोर तुरंत खराब नहीं होता। लेकिन ज्यादा बकाया, अधिक क्रेडिट इस्तेमाल और भुगतान में देरी का असर क्रेडिट स्कोर पर पड़ सकता है।
Q7. क्या क्रेडिट कार्ड से ₹500 या ₹1,000 कैश निकालना सही है?
छोटी रकम पर भी न्यूनतम Cash Advance Fee व जीएसटी लग सकती है। इसलिए बहुत छोटी रकम निकालना प्रतिशत के हिसाब से काफी महंगा पड़ सकता है।
Q8. क्रेडिट कार्ड से कैश निकालने के बाद भुगतान कब करना चाहिए?
जितनी जल्दी संभव हो, भुगतान करना चाहिए क्योंकि कैश एडवांस पर ब्याज निकासी की तारीख से लगना शुरू हो सकता है।
Q9. क्या क्रेडिट कार्ड की पूरी लिमिट ATM से निकाल सकते हैं?
नहीं। क्रेडिट कार्ड की कुल लिमिट और Cash Withdrawal Limit अलग हो सकती हैं। ATM से केवल उपलब्ध कैश लिमिट तक पैसा निकाला जा सकता है।
Q10. क्रेडिट कार्ड से कैश निकालना कब सही है?
वास्तविक इमरजेंसी में, जब तुरंत कैश की जरूरत हो और दूसरा विकल्प उपलब्ध ना हो, तब कैश एडवांस का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके बाद बकाया जल्दी चुकाना जरूरी है।
अस्वीकरण (Disclaimer)
इस पोस्ट में दी गई जानकारी सामान्य जानकारी और वित्तीय जागरूकता के लिए है। क्रेडिट कार्ड की Cash Advance Fee, Finance Charge, Cash Withdrawal Limit, Late Payment Charge और अन्य नियम बैंक, कार्ड जारी करने वाली संस्था और कार्ड के प्रकार के अनुसार अलग हो सकते हैं तथा समय-समय पर बदल सकते हैं। पोस्ट तैयार करते समय RBI और कार्ड जारी करने वाली संस्थाओं की उपलब्ध जानकारी को ध्यान में रखा गया है। कैश निकालने से पहले अपने क्रेडिट कार्ड के मौजूदा शुल्क और नियम जरूर जांचें।
इसे भी पढ़ें: लोन सेटलमेंट क्या है? फायदे, नुकसान, CIBIL स्कोर पर असर और नया लोन मिलने की पूरी जानकारी
