घर खरीदने के लिए लिया गया होम लोन लंबे समय तक चलता है। इसलिए कभी नौकरी जाने, कारोबार में नुकसान होने या किसी बड़े खर्च के कारण कुछ महीनों की ईएमआई समय पर नहीं भर पाती है। ऐसी स्थिति में सबसे बड़ा डर यही होता है कि होम लोन नहीं भरने पर घर का क्या होगा और बैंक कब कब्जा ले सकता है?

सीधी बात यह है कि एक-दो ईएमआई छूटने पर बैंक तुरंत घर पर कब्जा नहीं करता है। बल्कि पहले बैंक बकाया ईएमआई के लिए ग्राहक से संपर्क करता है और भुगतान करने का मौका देता है। लगातार भुगतान नहीं होने पर लोन खाता खराब स्थिति में जा सकता है और इसके बाद नियमों के तहत आगे की लोन वसूली प्रक्रिया शुरू होती है। यदि संपत्ति यानी घर लोन के लिए गिरवी रखा हुआ है, तो तय कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बैंक उस संपत्ति का कब्जा लेकर उसकी बिक्री या नीलामी से अपना बकाया लोन का पैसा वसूल सकता है। इसलिए परेशानी शुरू होते ही बैंक से बात करना और समाधान निकालना सबसे सही कदम है।

📌 सामग्री (Table of Contents)

होम लोन की ईएमआई नहीं भरने पर सबसे पहले क्या होता है?

अगर आपकी एक ईएमआई समय पर नहीं जाती है, तो बैंक इसे बकाया भुगतान के रूप में दर्ज करता है। आपसे बकाया रकम जमा करने के लिए संपर्क किया जा सकता है।

इस समय सबसे जरूरी काम यह है कि बैंक के फोन, संदेश और पत्र को नजरअंदाज न करें। अगर आपके पास थोड़े समय के लिए पैसे की कमी है, तो बैंक को अपनी स्थिति बताकर भुगतान की योजना पर बात करें।

लगातार ईएमआई नहीं भरने पर बकाया रकम बढ़ती जाती है। सामान्य ब्याज के अलावा लोन की शर्तों के अनुसार उचित दंड शुल्क भी लग सकता है। भारतीय रिजर्व बैंक के नियमों के अनुसार ऐसे दंड शुल्क की जानकारी लोन की शर्तों में स्पष्ट होनी चाहिए।

कितनी ईएमआई नहीं भरने पर बैंक घर पर कब्जा करता है?

आमतौर पर केवल 2 या 3 ईएमआई ना भर पाने पर बैंक घर पर कब्जा नहीं करता है। बल्कि घर पर कब्जे की कार्रवाई केवल ईएमआई की संख्या देखकर नहीं होती। लोन खाते की स्थिति, बकाया भुगतान और लागू नियमों के आधार पर बैंक आगे की प्रक्रिया करता है।

आम तौर पर लगातार भुगतान नहीं होने पर पहले लोन खाता गंभीर बकाया की स्थिति में पहुंच जाता है। जब सुरक्षित लोन (Secured Loan) खाते को गैर-निष्पादित परिसंपत्ति यानी एनपीए के रूप दर्ज किया जाता है, तब सरफेसी कानून के तहत आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू हो सकती है।

इसलिए यह मानना गलत है कि तीन ईएमआई छूटीं और बैंक तुरंत घर ले लेगा। लेकिन लगातार बकाया को नजरअंदाज करना भी बहुत बड़ी गलती है।

इसे भी पढ़ें: आमदनी कम हो गई है और EMI ज्यादा है तो क्या करें? लोन का बोझ कम करने के तरीके

बैंक घर पर कब्जा कब ले सकता है?

अगर होम लोन के बदले घर बैंक के पास गिरवी है और लोन खाता एनपीए की स्थिति में पहुंच गया है, तो सरफेसी कानून के तहत बैंक कार्रवाई कर सकता है।

कानून के तहत बैंक को पहले लिखित मांग नोटिस देना होता है। इस नोटिस में बकाया रकम की जानकारी दी जाती है और भुगतान के लिए 60 दिन का समय दिया जाता है। यदि इस अवधि में भी बकाया रकम पूरी तरह नहीं चुकायी जाती है, तो सुरक्षित संपत्ति के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाती है।

यानी प्रक्रिया को आसान भाषा में ऐसे समझें:

ईएमआई बकाया → लगातार भुगतान न होना → खाता एनपीए होना → 60 दिन का मांग नोटिस → भुगतान नहीं होने पर आगे की कानूनी कार्रवाई → संपत्ति का कब्जा → बिक्री या नीलामी

इसलिए बैंक सामान्य तौर पर सीधे बिना प्रक्रिया के घर में जाकर कब्जा नहीं कर सकता है। बैंकों को गिरवी रखी गई संपत्ति की वसूली के लिए कानूनी प्रक्रिया का पालन करना होता है। भारतीय रिजर्व बैंक भी बैंकों द्वारा कानूनी कार्यवाही के जरिए ही गिरवी संपत्ति की वसूली की जा सकती है।

60 दिन का नोटिस मिलने पर क्या करें?

अगर आपको 60 दिन वाला नोटिस मिल चुका है, तो इसे बिल्कुल हल्के में न लें। यह वह समय है जब आपको बैंक के साथ समाधान निकालने की पूरी कोशिश करनी चाहिए।

सबसे पहले बैंक से लिखित रूप में अपनी बकाया रकम की जानकारी लें। इसके बाद अपनी आर्थिक स्थिति के अनुसार इनमें से उचित विकल्प पर बात करें:

  1. बकाया ईएमआई जमा करें — अगर पैसों की व्यवस्था हो सकती है तो सबसे सीधा समाधान यही है।
  2. लोन की अवधि बढ़ाने पर बात करें — इससे मासिक ईएमआई कम हो सकती है।
  3. ईएमआई दोबारा तय कराने की कोशिश करें — आपकी स्थिति के अनुसार बैंक उपलब्ध विकल्प बता सकता है।
  4. लोन का पुनर्गठन — गंभीर आर्थिक परेशानी में बैंक से लोन की शर्तों में बदलाव के बारे में पूछ सकते हैं।
  5. लोन बैलेंस ट्रांसफर — अगर आपकी आय दोबारा स्थिर हो गई है और किसी दूसरे बैंक से बेहतर शर्तें मिलती हैं, तो यह विकल्प देखा जा सकता है।
  6. जरूरत पड़ने पर संपत्ति बेचकर लोन चुकाना — अगर ईएमआई जारी रखना संभव नहीं है, तो बैंक की जानकारी में संपत्ति बेचकर बकाया चुकाना नीलामी की स्थिति से बेहतर विकल्प हो सकता है।

इसे भी पढ़ें: पर्सनल लोन नहीं चुका पाए तो क्या होगा? जानें CIBIL, रिकवरी एजेंट और कानूनी कार्रवाई

क्या बैंक बिना बताए घर पर कब्जा कर सकता है?

सिर्फ रिकवरी एजेंट के फोन या किसी व्यक्ति के कहने से यह मान लेना सही नहीं है कि बैंक कभी भी घर पर कब्जा कर सकता है।

गिरवी संपत्ति की वसूली के लिए कानूनी प्रक्रिया होती है। बैंक और उसके वसूली एजेंटों को भी नियमों का पालन करना होता है। आपको भी मालूम होना चाहिए कि वसूली के दौरान बैंक और उसके वसूली एजेंटों द्वारा धमकी, डराने या परिवार को परेशान करने जैसी हरकतों की अनुमति नहीं है। भारतीय रिजर्व बैंक ने वसूली एजेंटों द्वारा धमकी और उत्पीड़न पर स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं।

अगर कोई व्यक्ति खुद को बैंक का एजेंट बताकर घर आता है, तो सबसे पहले उसकी पहचान और बैंक द्वारा दिए गए अधिकार की जानकारी जरूर लें। किसी अनजान व्यक्ति को सीधे नकद या निजी खाते में पैसा देने से बचें।

घर की नीलामी कैसे होती है?

अगर बैंक की कानूनी कार्रवाई के बाद भी बकाया रकम नहीं चुकाई जाती, तो बैंक गिरवी संपत्ति को बेचकर अपना बकाया वसूलने की प्रक्रिया आगे बढ़ा सकता है।

इसका मतलब यह नहीं है कि बैंक घर को अपने पास हमेशा के लिए रख लेता है। उसका उद्देश्य गिरवी संपत्ति की बिक्री के जरिए बकाया लोन की वसूली करना होता है।

नीलामी की स्थिति आने से पहले ही बैंक से बात करना इसलिए जरूरी है क्योंकि उस समय तक कानूनी और अन्य खर्च भी बढ़ सकते हैं और घर पर नियंत्रण खोने का खतरा सामने आ जाता है।

अगर घर की कीमत लोन से ज्यादा है तो क्या होगा?

मान लीजिए आपके घर की कीमत ₹50 लाख है और होम लोन का बकाया ₹25 लाख है। ऐसी स्थिति में संपत्ति की बिक्री के बाद लोन की देनदारी और बिक्री से मिली रकम का हिसाब अलग-अलग किया जाएगा।

इसलिए यह जरूरी नहीं है कि घर की पूरी कीमत बैंक की हो जाए। बैंक की कार्रवाई का उद्देश्य अपना बकाया कर्ज की वसूली करना होता है।

लेकिन वास्तविक हिसाब में बकाया मूलधन, ब्याज, लागू शुल्क और बिक्री से जुड़े खर्च जैसे कई तत्व शामिल हो सकते हैं। जिससे ₹25 लाख का बकाया अब और बढ़ जाएगा। इसलिए नीलामी की स्थिति आने से पहले बैंक से पूरा लिखित हिसाब मांगना बेहतर है।

इसे भी पढ़ें: होम लोन लेने से पहले क्या करें और क्या ना करें? जानें 10 जरूरी बातें

अगर बैंक का नोटिस आ गया है तो क्या करें?

अगर आपको बैंक का कानूनी नोटिस मिल चुका है, तो ये काम तुरंत करें:

पहला: नोटिस को ध्यान से पढ़ें और उसमें दी गई तारीख देखें।

दूसरा: बैंक से अपने लोन खाते की पूरी बकाया रकम का विवरण मांगें।

तीसरा: अपनी आर्थिक स्थिति के अनुसार भुगतान की योजना बनाएं।

चौथा: बैंक को लिखित जवाब दें। केवल फोन पर बातचीत करके मामला छोड़ना सही नहीं है।

पांचवां: अगर आपको लगता है कि बैंक की कार्रवाई में कोई गलती है, तो संपत्ति और बैंकिंग मामलों के जानकार वकील से सलाह लें।

सरफेसी कानून के तहत बैंक की कार्रवाई के खिलाफ उधारकर्ता के लिए कानूनी उपाय भी उपलब्ध होते हैं। इसलिए नोटिस मिलने के बाद चुप बैठने के बजाय समय पर उचित सलाह लेना जरूरी है।

होम लोन नहीं भर पा रहे हैं तो घर बचाने का सबसे अच्छा तरीका क्या है?

अगर होम लोन की ईएमआई भरना मुश्किल हो रहा है, तो बैंक से संपर्क करना सबसे पहला कदम है। बैंक से बात करके अपनी स्थिति बताएं और उपलब्ध विकल्पों के बारे में जानकारी लें। समय रहते फैसला लेने से बकाया बढ़ने और घर पर कार्रवाई का खतरा कम किया जा सकता है।

लोन रि-स्ट्रक्चर करने का विचार करें

अगर आपकी आमदनी कम हो गई है और मौजूदा ईएमआई संभालना मुश्किल है, तो बैंक से लोन रि-स्ट्रक्चर के बारे में बात करें। इससे लोन की अवधि या भुगतान की शर्तों में बदलाव का विकल्प मिल सकता है।

नई शर्तों में ईएमआई और कुल भुगतान कितना होगा, यह समझने के लिए लोन रि-स्ट्रक्चर कैलकुलेटर का इस्तेमाल करें।

लोन मोरेटोरियम अवधि का इस्तेमाल करें

अगर आर्थिक परेशानी कुछ समय के लिए है, तो बैंक की उपलब्ध मोरेटोरियम सुविधा के बारे में पूछ सकते हैं। इससे कुछ समय के लिए भुगतान में राहत मिल सकती है, लेकिन बाद में लोन की लागत और अवधि पर असर पड़ सकता है।

फैसला लेने से पहले लोन मोरेटोरियम प्रभाव कैलकुलेटर से देखें कि भुगतान रोकने का आपके लोन पर कितना असर पड़ेगा।

लोन बैलेंस ट्रांसफर पर विचार करें

अगर मौजूदा लोन की ईएमआई आपकी वर्तमान आय के हिसाब से बहुत ज्यादा है, तो दूसरे बैंक में लोन ट्रांसफर करने का विकल्प भी देखा जा सकता है। लेकिन केवल ईएमआई कम देखकर फैसला न लें, नए लोन के खर्च और कुल भुगतान को भी देखें।

इसके लिए लोन बैलेंस ट्रांसफर कैलकुलेटर से मौजूदा और नए लोन की तुलना करें।

लोन सेटलमेंट पर विचार करें?

अगर आपकी आर्थिक स्थिति इतनी खराब है कि आगे ईएमआई भरना संभव नहीं है, तो बैंक से लोन सेटलमेंट के बारे में बात की जा सकती है। लेकिन इसके लिए आम तौर पर एकमुश्त रकम की जरूरत होती है, इसलिए जिसे अभी ईएमआई भरने में भी परेशानी है, उसके लिए यह आसान समाधान नहीं है।

इसलिए यदि परिवार से आर्थिक मदद, संपत्ति बेचने या किसी अन्य वैध स्रोत से एकमुश्त रकम जुटाने की स्थिति है, तभी बैंक से सेटलमेंट के विकल्प पर बातचीत करना व्यावहारिक हो सकता है। सेटलमेंट करने से पहले यह भी समझ लें कि खाते में “सेटल्ड” दर्ज होने का असर आपके क्रेडिट रिकॉर्ड पर पड़ सकता है।

इसलिए होम लोन न भर पाने की स्थिति में पहले रि-स्ट्रक्चर, भुगतान में उपलब्ध राहत या अन्य व्यावहारिक विकल्पों पर बैंक से बात करना बेहतर है। सेटलमेंट को आखिरी विकल्प के रूप में ही देखें।

जरूरत पड़े तो संपत्ति बेचने पर विचार करें

अगर आपकी आर्थिक स्थिति ऐसी है कि अब आगे ईएमआई देना संभव नहीं है और बाकी विकल्प भी काम नहीं कर रहे हैं, तो बैंक से बात करके संपत्ति बेचकर लोन चुकाने का विकल्प देखा जा सकता है।

बैंक से छिपने या नोटिस को नजरअंदाज करने के बजाय समय रहते फैसला लेना बेहतर है। इससे स्थिति और गंभीर होने से पहले समाधान निकालने का मौका मिलता है।

क्या होम लोन न भरने से सिबिल स्कोर भी खराब होता है?

हां। होम लोन की ईएमआई समय पर नहीं भरने से आपके क्रेडिट रिकॉर्ड पर नकारात्मक असर पड़ सकता है। लगातार भुगतान न करने से भविष्य में नया लोन या क्रेडिट कार्ड लेना मुश्किल हो सकता है और मिलने वाली ब्याज दर भी प्रभावित हो सकती है।

इसलिए अगर घर बचाने के साथ-साथ भविष्य में दोबारा लोन लेने की जरूरत है, तो बकाया ईएमआई को जल्द से जल्द नियमित करना बहुत जरूरी है।

एक नजर में इस पूरी बात को समझें

स्थितिक्या करना चाहिए
एक ईएमआई छूट गईतुरंत बकाया जमा करने की कोशिश करें
कई ईएमआई बकाया हैंबैंक से तुरंत बातचीत करें
भुगतान लगातार नहीं हो रहालोन की नई शर्तों पर बात करें
खाता एनपीए हो गयाबैंक के नोटिस को गंभीरता से लें
60 दिन का नोटिस मिलासमय के अंदर भुगतान या समाधान की कोशिश करें
कब्जे की कार्रवाई शुरू हो गईतुरंत कानूनी और वित्तीय सलाह लें
नीलामी की स्थितिबैंक से लिखित हिसाब और उपलब्ध समाधान जानें

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

क्या एक ईएमआई नहीं भरने पर बैंक घर ले सकता है?

नहीं। एक ईएमआई छूटने पर तुरंत घर पर कब्जा नहीं होता। लेकिन बकाया को लगातार नजरअंदाज करना गंभीर समस्या बन सकता है।

कितनी ईएमआई नहीं भरने पर घर जब्त होता है?

इसका कोई एक तय आंकड़ा नहीं है। कार्रवाई लोन खाते की स्थिति और लागू कानूनी प्रक्रिया के आधार पर होती है।

60 दिन का नोटिस क्या होता है?

सरफेसी कानून की धारा 13(2) के तहत एनपीए हो चुके सुरक्षित लोन में बैंक भुगतान की मांग करते हुए 60 दिन का लिखित नोटिस दे सकता है।

क्या बैंक सीधे घर की नीलामी कर सकता है?

नहीं, बैंक को लागू कानूनी प्रक्रिया का पालन करना होता है। केवल ईएमआई छूटने से तुरंत नीलामी नहीं होती।

बैंक का रिकवरी एजेंट धमकी दे तो क्या करें?

एजेंट की पहचान और बैंक से उसका अधिकार जांचें। धमकी या उत्पीड़न की स्थिति में बैंक में शिकायत करें और जरूरत पड़ने पर संबंधित शिकायत व्यवस्था या कानूनी सहायता लें। RBI ने वसूली एजेंटों द्वारा धमकी और उत्पीड़न पर रोक से जुड़े निर्देश दिए हैं।

क्या बैंक से ईएमआई कम कराने की बात की जा सकती है?

हां। आपकी स्थिति और लोन की शर्तों के आधार पर अवधि बढ़ाने, पुनर्गठन या अन्य उपलब्ध विकल्पों पर बैंक से बात की जा सकती है।

निष्कर्ष

होम लोन नहीं भरने पर बैंक तुरंत घर पर कब्जा नहीं करता। पहले बकाया भुगतान की प्रक्रिया शुरू होती है और लगातार डिफॉल्ट की स्थिति में लोन खाता एनपीए हो सकता है। इसके बाद लागू कानून के तहत बैंक लिखित नोटिस देकर भुगतान के लिए 60 दिन का समय दे सकता है। भुगतान नहीं होने पर बैंक गिरवी संपत्ति पर कब्जा लेकर उसकी बिक्री या नीलामी के जरिए बकाया वसूलने की कार्रवाई कर सकता है।

इसलिए अगर आप अभी होम लोन की ईएमआई नहीं भर पा रहे हैं, तो सबसे जरूरी बात बैंक से संपर्क करना है, नोटिस को नजरअंदाज नहीं करना है और अपनी स्थिति के अनुसार भुगतान, लोन पुनर्गठन, अवधि बढ़ाने या संपत्ति बेचकर लोन चुकाने जैसे विकल्पों पर समय रहते फैसला लेना है।

अस्वीकरण: यह जानकारी सामान्य वित्तीय जानकारी के उद्देश्य से दी गई है, इसे किसी भी तरह की कानूनी सलाह ना मानें। होम लोन की वसूली, गिरवी संपत्ति पर कब्जा और नीलामी की प्रक्रिया लोन की शर्तों, बैंक या वित्तीय संस्था और लागू कानून के अनुसार अलग हो सकती है। कानूनी नोटिस मिलने या संपत्ति पर कब्जे की कार्रवाई शुरू होने पर योग्य कानूनी सलाह लेना उचित है।

इसे भी पढ़ें: Home Loan Insurance क्या होता है? क्या होम लोन के साथ बीमा लेना जरूरी है